नई दिल्ली। दिल्ली के राम मनोहर लोहिया ( RML )अस्पताल में एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI)ने बुधवार को दो डॉक्टरों सहित नौ लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए लोगों पर मरीजों और चिकित्सा प्रतिनिधियों से रिश्वत लेकर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप है।
RML में इस तरीके से हो रहा था भ्रष्टाचार
मामले को लेकिन मिली जानकारी के अनुसार पांच मॉड्यूल के जरिए अस्पताल में भ्रष्टाचार हो रहा था। इनमें
- स्टेंट और अन्य चिकित्सा आवश्यकताओं की आपूर्ति
- स्टेंट के एक विशेष ब्रांड की आपूर्ति
- प्रयोगशालाओं में चिकित्सा उपकरणों की आपूर्ति
- रिश्वत के बदले मरीजों का एडमिशन
- फर्जी चिकित्सा प्रमाण पत्र जारी करना
RMLअस्पताल के इन डॉक्टरों की हुई गिरफ़्तारी
केंद्रीय जांच ब्यूरो द्वारा गिरफ्तार किए गए दोनों डॉक्टरों की पहचान कार्डियोलॉजी विभाग के सहायक प्रोफेसर पर्वतगौड़ा और कार्डियोलॉजी विभाग के प्रोफेसर अजय राज के रूप में की गई है। दोनों राजधानी के RML अस्पताल में काम करते थे और कथित तौर पर रिश्वत लेते पकड़े गए थे। वहीं गिरफ्तार किए गए सात अन्य लोगों में से एक की पहचान केंद्र सरकार द्वारा संचालित अस्पताल में वरिष्ठ प्रयोगशाला प्रभारी रजनीश कुमार के रूप में की गई है।

