Toll Collection New System: केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने मौजूदा टोल सिस्टम को खत्म करके और सैटेलाइट टोल कलेक्शन सिस्टम शुरू करने की घोषणा करके एक अहम फैसला लिया है। आज शुक्रवार (26 जुलाई) को उन्होंने कहा कि सरकार टोल खत्म कर रही है और जल्द ही सैटेलाइट आधारित टोल कलेक्शन सिस्टम लागू करेगी। इस सिस्टम को लागू करने के पीछे का उद्देश्य टोल कलेक्शन को बढ़ाना और टोल प्लाजा पर भीड़भाड़ को कम करना है।
जितनी दूरी, उतना पैसा
राज्यसभा में एक लिखित जवाब में उन्होंने यह भी बताया कि सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ग्लोबल नेविगेशन सैटेलाइट सिस्टम (GNSS) लागू करने जा रहा है। फिलहाल यह चुनिंदा टोल प्लाजा पर ही होगा। इससे पहले न्यूज एजेंसी से बात करते हुए नितिन गडकरी ने कहा, “हम अब टोल खत्म कर रहे हैं और सैटेलाइट आधारित टोल कलेक्शन सिस्टम होगा। आपके बैंक खाते से पैसे कटेंगे और आप जितनी दूरी तय करेंगे, उसके हिसाब से आपसे पैसे लिए जाएंगे। इससे समय और पैसे की बचत होगी। पहले मुंबई से पुणे जाने में 9 घंटे लगते थे, अब यह घटकर 2 घंटे रह गया है।” पिछले महीने एक कार्यशाला आयोजित की गई थी.
25 जून, 2024 को जीएनएसएस-आधारित प्रणाली पर हितधारकों से परामर्श करने के लिए एक अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित की गई थी। इसके बाद, 7 जून, 2024 को व्यापक औद्योगिक भागीदारी को आमंत्रित करते हुए एक वैश्विक अभिरुचि अभिव्यक्ति (ईओआई) प्रस्तुत की गई। ईओआई प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 22 जुलाई, 2024 थी।
नितिन गडकरी ने पिछले साल नई प्रणाली के बारे में दी थी जानकारी
इससे पहले, दिसंबर में, नितिन गडकरी ने घोषणा की थी कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) का लक्ष्य मार्च 2024 तक इस नई प्रणाली को लागू करना है। टोल प्लाजा पर प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करने और प्रतीक्षा समय को कम करने के प्रयासों के बारे में विश्व बैंक को सूचित किया गया है। फास्टैग की शुरुआत के साथ, टोल प्लाजा पर औसत प्रतीक्षा समय में काफी कमी आई है। इसका परीक्षण कर्नाटक में NH-275 के बेंगलुरु-मैसूर खंड और हरियाणा में NH-709 के पानीपत-हिसार खंड पर किया गया है।

