भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच आज बॉडर-गावस्कर सीरीज का दूसरा मुकाबला दिल्ली में खेला जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया है। बता दें कि दिल्ली की पिच पहले दिन बल्लेबाजों के लिए मददगार साबित होगी इसके बाद यहां स्पिन गेंदबाजों को मदद मिलेगी। ऐसे में कंगारू टीम चाहेगी कि पिच का फायदा उठाकर पहले दिन ज्यादा से ज्यादा रन बनाया जाए।
इस मैच में दोनों टीमों ने अपने प्लेइंग इलेवन में बदलाव किए हैं। भारत ने एक और मेहमान टीम ने दो बदलाव किए हैं। भारतीय टीम ने बदलाव करते हुए पहले मैच में फ्लॉप रहें सूर्यकुमार यादव की जगह चोट से उबरे श्रेयस अय्यर को मौका दिया है। वहीं, ऑस्ट्रेलियाई टीम ने तेज गेंदबाज स्कॉट बोलैंड की जगह मैथ्यू कुहेमान को और मैट रेनशॉ की जगह ट्रेविस हेड को मौका दिया है।
अश्विन-जडेजा के पास फिर रिकॉर्ड बनाने का मौका
आज का मुकाबला भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए खास रहने वाला है। आज एक नहीं बल्कि तीन-तीन रिकॉर्ड बनने वाले हैं। दरअसल, आज भारत के बेहतरीन हरफनमौला खिलाड़ियों में से एक रवींद्र जडेजा अपना 250 विकेट लेने का कारनामा कर सकते हैं। वह इस कीर्तिमान से केवल एक विकेट दूर हैं। वहीं, फिरकी गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 100 विकेट लेने से केवल तीन विकेट दूर हैं। यही दोनों गेंदबाज इस मैच में ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे बड़ा खतरा साबित हो सकते हैं।
इसके अलावा भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा के लिए भी यह मैच खास है क्योंकि पुजारा का यह 100वां टेस्ट मैच है। इस खास मौके पर उनका पूरा परिवार मैदान में पहुंचा है। पुजारा के पिता, पत्नी और बेटी इस मैच को देखने आए हैं। पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने पुजारा को 100वें टेस्ट की खास टोपी दी। पुजारा भारत के लिए 100 टेस्ट खेलने वाले 13वें खिलाड़ी हैं।
बहरहाल, चार मैचों की इस टेस्ट सीरीज का पहला मैच भारत ने नागपुर में पारी और 132 रन से अपने नाम किया था। अब भारत की कोशिश दूसरा मैच भी जीतकर सीरीज में अजेय बढ़त हासिल करने की होगी।
दोनों टीमों की प्लेइंग 11
भारतः रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, रवींद्र जडेजा, श्रीकर भरत (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज।
ऑस्ट्रेलियाः डेविड वार्नर, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, ट्रेविस हेड, पीटर हैंड्सकॉम्ब, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), पैट कमिंस (कप्तान), टॉड मर्फी, नाथन लियोन, मैथ्यू कुहेमान।

