दिल्ली की आबकारी नीति घोटाला मामले में पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार कर तिहाड़ जेल में रखा गया है। कोर्ट ने उन्हें 20 मार्च तक न्यायिक हिरासत में रखने का आदेश दिया है। मनीष सिसोदिया को तिहाड़ जेल में बंद होने को लेकर आम आदमी पार्टी ने कल यानी बुधवार को कई गंभीर आरोप लगाए हैं। आप के नेताओं, सांसदों और विधायकों ने आरोप लगाया कि उप मुख्यमंत्री सिसोदिया को उस जेल में बंद किया गया है, जहां गैंगस्टर्स को रखा जाता है। वहीं, इन आरोपों को लेकर अब तिहाड़ जेल प्रशासन ने एक बयान जारी कर अपना स्पष्टीकरण दिया है।
जेल प्रशासन ने दिया स्पष्टीकरण
बता दें कि तिहाड़ जेल प्रवक्ता अरविंद कुमार ने अपनी स्पष्टीकरण में कहा कि अंडर ट्रायल मनीष सिसोदिया की सिक्योरिटी को देखते हुए उन्हें तिहाड़ के जेल नंबर 1 के सबसे सुरक्षित वार्ड में रखा गया है, जिसमें कम कैदी रहते हैं और उनमें से कोई भी कैदी गैंगस्टर नहीं है। सभी का व्यवहार अच्छा है और वहां जेल मैनुअल के हिसाब से सभी रहते हैं।
जेल प्रवक्ता अरविंद कुमार ने आगे कहा कि ये कैदी किसी भी तरह से कोई भी नियम का उल्लंघन नहीं करते हैं और जेल मैनुअल के हिसाब से अपनी एक्टिविटी में बिजी रहते हैं। प्रवक्ता ने बताया कि मनीष सिसोदिया को जेल नंबर एक के वार्ड में रखा गया है। वहां पर सारे जेल मैनुअल का पालन किया जा रहा है। सिसोदिया वहां पर सुरक्षित हैं।
आज फिर से ईडी की टीम पहुंची तिहाड़ जेल
गौरतलब है कि मनीष सिसोदिया की रिमांड खत्म होने पर कोर्ट ने उन्हें न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया था। तब से मनीष सिसोदिया को जेल नंबर एक में रखा गया है और उनका कैदी नंबर 924 रजिस्टर में एंट्री किया गया है। मंगलवार को ईडी ने भी तिहाड़ जेल में आकर उनसे करीब छह घंटे तक पूछताछ की थी। आज फिर से ईडी की टीम मनीष सिसोदिया से पूछताछ के लिए तिहाड़ जेल पहुंची है।

