आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस अब नए सिरे से काम करने लगी है। सबसे ज्यादा सांसद उत्तर प्रदेश से चुनकर आते है इसलिए कांग्रेस पार्टी यूपी को लेकर फुक फुक कर कदम बढ़ा रही है। कांग्रेस चाहती है कि यूपी में खोया अपना जनाधार फिर से हासिल करे इसके लिए वह एक नई रणनीति बनाई है। बता दें कि कांग्रेस पार्टी प्रियंका गांधी वाड्रा, सोनिया गांधी और राहुल गांधी को उत्तर प्रदेश से लड़ाकर प्रदेश में एक माहौल बनाने के फिराक में है। इसके लिए पार्टी जमीन तलाश रही है। प्रियंका गांधी को पार्टी के पदाधिकारी वाराणसी से लड़ाना चाहते हैं। यदि वे वहां से न लड़े तो उसके आस-पास चुनाव लड़ जाए तो कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाया जा सकता है।
राहुल को अमेठी से चुनाव लड़ाने की तैयारी
कांग्रेस पदाधिकारियों के अनुसार सोनिया गांधी अपने पुराने लोकसभा क्षेत्र रायबरेली से ही चुनाव लड़ेंगी। वहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का कहना है कि वाराणसी से प्रियंका गांधी वाड्रा चुनाव लड़ें तो उनके पक्ष में अच्छा माहौल है। वैसे वे आस-पास के किसी सीट से चुनाव लड़ सकती हैं। अमेठी की जनता राहुल गांधी को दिनरात याद कर रही है। वहां पर सस्ता सबकुछ उपलब्ध कराने वालों ने सबकुछ महंगा कर दिया। इससे आमजन छलावा महसूस कर रहा है।
बता दें कि कांग्रेस पदाधिकारियों की पूरी कोशिश है कि एक बार फिर अमेठी से राहुल गांधी चुनाव लड़ें। कांग्रेस पदाधिकारियों का मानना है कि राहुल गाँधी के सिर्फ अमेठी से चुनाव लड़ने की संभावना मात्र से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भर गया है। इससे कांग्रेस के पदाधिकारी भी उत्साहित हैं। अजय राय ने प्रदेश अध्यक्ष का पद संभालने के तुरंत बाद ही प्रवक्ताओं की टीम को बदल दिया और उनमें नया जोश लाने का प्रयास किया।
प्रियंका के लिए क्षेत्र का चुनाव किया जा रहा
इस संबंध में उप्र की राजनीति को समझने वालों का मानना है कि यदि तीनों लोग यूपी से चुनाव लड़ते हैं तो फिर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह भर सकता है। इसका बहुत ज्यादा असर तो नहीं पड़ेगा, लेकिन कांग्रेस के घटते जनाधार को रोका जा सकता है। कांग्रेस पदाधिकारियों का भी मानना है कि उप्र में कांग्रेस की पुनर्वापसी बहुत जरूरी है। यहां पार्टी को जमीनी स्तर से जुड़ना होगा।
कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि प्रियंका गांधी वाड्रा को यूपी से चुनाव लड़ाने की तैयारी चल रही है। इसके लिए क्षेत्र का चुनाव भी किया जा रहा है। यदि सब कुछ ठीक रहा तो आने वाले लोकसभा चुनाव में वे यूपी से चुनाव लड़ेंगी।

