नोएडा के सेक्टर 37 स्थित पेट्रोल पंप के ऑफिस और दुकानों में मंगलवार रात भीषण आग लग गई। आग लगने से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और लपटें उठने लगीं। आग की सूचना मिलने पर दमकल की दस गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।
आग लगने के सही कारणों का पता नहीं
दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। गनीमत रही कि आग में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन दुकान के अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। आग लगने के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि मंगलवार रात करीब 10 बजे उन्हें सेक्टर 37 स्थित पेट्रोल पंप की दीवार से सटी दुकान में आग लगने की सूचना मिली। दुकान में लुब्रिकेंट ऑयल और सीएनजी किट रखी हुई थी, जो पेट्रोल पंप से जुड़ी हुई थी। आग इतनी भीषण थी कि उसने पेट्रोल पंप की छत को भी अपनी चपेट में ले लिया।
पेट्रोल पंप के ऑफिस तक फैली आग
सूचना मिलने पर दमकल की दस गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। चौबे ने बताया कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। अधिकारियों ने बताया कि अग्निशमन दल की पहली प्राथमिकता आग को पंप तक फैलने से रोकना था। एहतियात के तौर पर सड़क पर यातायात रोक दिया गया था। आसपास भीड़ जमा हो गई थी, लेकिन उन्हें सुरक्षित तरीके से तितर-बितर कर दिया गया। आग लगने के समय पेट्रोल पंप खुला था और कर्मचारियों ने आग बुझाने में मदद की। स्थानीय निवासियों ने बताया कि आग लगने के दौरान सिलेंडरों से धमाके की आवाजें भी सुनी गईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।

