प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि कांग्रेस की लूट की दुकान का ताजा प्रोडक्ट लाल डायरी है। मोदी ने कहा कि कितनी ही ताकत लगा लें लेकिन लाल डायरी इस चुनाव में पूरी कांग्रेस का डिब्बा गोल करने जा रही है। लोकतंत्र में सरकार को अपने काम का हिसाब देना पड़ता है लेकिन जो चार साल सिर्फ सोएगा, वो काम का हिसाब कैसे देगा? इन लोगों ने सरकार का हर दिन आपसी खींचतान, वर्चस्व की लड़ाई में बर्बाद किया है। प्रधानमंत्री मोदी गुरुवार को सीकर में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
शेखावाटी इलाके में भाजपा के चुनावी अभियान की शुरुआत कर लाल डायरी को लेकर कांग्रेस पर तंज कसते हुए मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार की तरफ से पहले राजस्थान के विकास का सिलसिला लगातार चल रहा था लेकिन जब से यहां कांग्रेस की सरकार बनी है, तब से विकास के काम में रोड़े अटकाने का ही काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार का मतलब है कि लूट की दुकान और झूठ का बाजार। इस लूट की दुकान का ताजा प्रोडक्ट है लाल डायरी। लाल डायरी के नाम से ही कांग्रेस के नेताओं की बोलती बंद हो रही है। कहते हैं कि लाल डायरी में कांग्रेस सरकार के काले कारनामे दर्ज हैं। लोग कह रहे हैं कि लाल डायरी के पन्ने खुले तो अच्छे-अच्छे निपट जाएंगे।
यूपीए से नाम बदलकर इंडिया कर दिया
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस आज सबसे बड़ी दिशा विहीन पार्टी बन गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने नया पैंतरा चला है। यह पैंतरा है नाम बदलने का। पहले के जमाने में कोई पीढ़ी या कंपनी बदनाम हो जाए तो तुरंत कंपनी वाले नया बोर्ड लगाकर अपना काम शुरू कर देते हैं। कांग्रेस और उनके सहयोगी दलों की जमात ऐसे फ्रॉड कंपनियों की नकल कर रही है। यूपीए से नाम बदलकर इंडिया कर दिया। इन्होंने नाम इसलिए बदला ताकि ये कर्ज माफी के नाम पर किसानों से विश्वासघात छिपा सकें। आतंकवाद के आगे घुटने टेकने की बात छिपा सकें। मोदी ने कहा कि इनका तरीका वही है, जो हमेशा दुश्मनों ने अपनाया है। इंडिया नाम तो ईस्ट इंडिया कंपनी में भी था। इंडिया नाम भारत भक्ति दिखाने के लिए नहीं बल्कि भारत को लूटने के इरादे से लगाया गया था।
इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजस्थान के सीकर से किसानों के बैंक खातों में 17 हजार करोड़ रुपये ट्रांसफर किए। इसके साथ ही केंद्र सरकार ने किसानों के लिए यूरिया गोल्ड भी लॉन्च किया। प्रधानमंत्री ने देश में आरंभ होने वाली सवा लाख वन स्टाप शॉप किसानों को समर्पित किया। वन स्टाप शॉप में किसानों को उर्वरक, बीज, कीटनाशक और कृषि उपकरण तथा मिट्टी और बीज के लिए परीक्षण सुविधाएं मिल सकेंगी।

