उत्तर प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन के सहयोग द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश कबड्डी लीग (UPKL) के पहले सीजन की तारीखों का ऐलान कर दिया गया। लीग का आयोजन 11 जुलाई से 25 जुलाई तक नोएडा इंडोर स्टेडियम में होगा।उत्तर प्रदेश कबड्डी लीग (UPKL) के पहले सीजन की तारीखों का घोषणा सोमवार को नोएडा सेक्टर 27 के फॉर्च्यून होटल में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में की गई। होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में यूपीकेएल के संस्थापक संभव जैन, एकेएफआई के संयुक्त सचिव और उत्तर प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन के सदस्य विनय कुमार सिंह ने मीडिया को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने मैच की जानकारी दी।
काशी किंग्स समेत आठ टीमें होगी पहले UPKL के सीजन का हिस्सा
यूपीकेएल के संस्थापक संभव जैन ने कहा कि इस प्रतिष्ठित लीग को सफल बनाने को लेकर काफी उत्साहित हैं। लीग का उदेश्य उद्देश्य कबड्डी को बढ़ावा देना और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को कौशल दिखाने के लिए मंच प्रदान करना है। जैन ने बताया कि लीग के पहले सीजन में कुल 8 टीमें भाग लेंगी, जिनमें
- यमुना योद्धा
- नोएडा निन्जा
- काशी किंग्स
- अवध रामदूत
- ब्रिज स्टार्स
- संगम चैलेंजर्स
- अयोध्या वॉरियर्स
- गंगा किंग्स ऑफ़ मिर्ज़ापुर
प्रत्येक टीम में 15 खिलाड़ी शामिल होंगे, जिसमें उत्तर प्रदेश और भारत के अन्य क्षेत्रों से कुल 120 प्रतिभागी भाग लेंगे।
UPKL के मैचों का ऑनलाइन प्रसारण
संभव जैन ने कहा कि यूपीकेएल ने राष्ट्रीय प्रसारण भागीदार के रूप में सोनी स्पोर्ट्स के साथ साझेदारी की गई है। जहां मैचों का प्रसारण किया जाएगा। इसका लक्ष्य भारत के हर कोने में कबड्डी के प्रति उत्साही लोगों तक कबड्डी को पहुंचना है। इस साझेदारी से प्रशंसकों के बीच खेल की लोकप्रियता बढ़ेगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद यूपीकेएल के खेल राजदूत राहुल चौधरी ने कहा कि यह प्रतियोगिता कबड्डी खिलाड़ियों के लिए अपने कौशल दिखाने और पेशेवर स्तर का अनुभव हासिल करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।
20 से अधिक शहरों में ट्रॉफी दौरा
विनय कुमार सिंह ने बताया कि UPKL के लिए खिलाड़ियों की मेगा नीलामी 10 जून को नोएडा के सरोवर होटल में होगी। इसके अतिरिक्त, “यूपीकेएल ट्रॉफी टूर 2024” की रूपरेखा तैयार की गई है, इस के तहत 20-25 दिनों की अवधि में उत्तर प्रदेश के 20 से अधिक प्रमुख शहरों में ट्रॉफी का प्रदर्शन किया जाएगा। इन शहरों में लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, मिर्ज़ापुर, प्रयागराज, झाँसी, आगरा, मथुरा और नोएडा जैसे प्रमुख शहर शामिल हैं।

