उत्तर प्रदेश के संभल जिले में गुरूवार को दर्दनाक हादसा हो गया, जिले के चन्दौसी इस्लामनगर रोड पर स्थित एआर कोल्डस्टोरेज अचानक भरभराकर गिर गया और अब तक 14 लोंगों की मौत हो चुकी है और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं जिनका इलाज चल रहा है।
मजदूरों की मौत से गांव में शोक की लहर है, मातम पसरा हुआ है। कोल्ड स्टोरेज हादसे में शिकार 5 मजदूर एतोल गांव के थे। शव पहुंचते ही गांव में रोने की चीखें गूंज रहीं हैं। माहौल काफी गमगीन है, कई घर ऐसे भी हैं जिनमे मृतक मजदूर घर का इकलौता सहारा थे। अब इन परिवारों के सामने जिंदगी की गुजर-बसर का संकट सामने खड़ा हो गया है। हालांकि सीएम योगी ने मृतकों के परिवार के लिए 2 लाख रूपये की आर्थिक सहायता का ऐलान कर दिया है और परिवार के प्रति संवेदनाएं भी व्यक्त की हैं।
जनपद सम्भल के चंदौसी स्थित कोल्ड स्टोर दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत पीड़ादायक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) March 17, 2023
प्रभु श्री राम दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान और परिजनों को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।
ॐ शांति!
पीएम मोदी ने भी उत्तर प्रदेश चंदौसी कोल्ड स्टोरेज हादसे में मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की और प्रधानमंत्री राहत कोष से दो लाख रुपए और घायलों को 50 हजार की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
उत्तर प्रदेश के चंदौसी में कोल्ड स्टोरेज में हादसा दुखद है। इसमें जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव के हरसंभव प्रयास में जुटा है। मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं: PM @narendramodi
— PMO India (@PMOIndia) March 17, 2023
वहीं घायल मजदूरों के लिए भी सीएम योगी ने 50-50 हजार के मुआवजे का ऐलान किया है। सीएम योगी ने सभी घायलों का नि:शुल्क उपचार करने का निर्देश भी दिया है। वहीं मजदूरों के परिजनों का इस मामले में गुस्सा फूट पड़ा और उन्होनें कोल्ड स्टोरेज के संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाया और संचालक के केबिन में तोड़फोड़ भी की जिसके बाद कोल्ड स्टोर हादसे के 2 मुख्य आरोपी कोल्ड स्टोर संचालक अंकुर और रोहित गिरफ्तार कर लिए गए हैं। एस पी चक्रेश मिश्र ने इसकी जानकारी दी।

