जमीन के बदले नौकरी घोटाला मामले में घिरे लालू परिवार की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। मामले के तह तक जाने के लिए केंद्रीय जाँच एजेंसी सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय लगातार पूछताछ कर रही है। दोनों एजेंसियों ने अपने स्तर से कार्रवाई तेज कर दी है। सीबीआई ने आज लालू यादव के छोटे बेटे और बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को पूछताछ के लिए दिल्ली स्थित सीबीआई मुख्यालय बुलाया था लेकिन तेजस्वी ने आने में असमर्थता जताई है। दरअसल, तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री यादव गर्ववती है और उनकी कल अचानक से तबियत खराब हो गयी। उन्हें दिल्ली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
12 घंटे की चली लंबी पूछताछ
बता दें कि कल यानी शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय ने लालू यादव के परिवार समेत करीबियों पर 15 से अधिक ठिकानों पर छापा मारा था। उस छापे में तेजस्वी के दिल्ली स्थित न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी का आवास भी शामिल था। छापे के वक़्त तेजस्वी यादव दिल्ली के अपने आवास पर ही मौजूद थे। 12 घंटे की चली लंबी पूछताछ के कारण राजश्री की बीपी समस्या पैदा हो गयी जिसके कारण वह बेहोश हो गयी। उसके बाद उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बता दें कि जमीन के बदले नौकरी ‘घोटाला’ मामले में सीबीआई ने तेजस्वी यादव को दूसरी बार समन भेजा है। इससे पहले तेजस्वी यादव को 4 फरवरी को पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाया गया था लेकिन विधानसभा सत्र चलने का हवाला देकर वो दिल्ली नहीं आए। अब उन्हें फिर से पूछताछ के लिए समन भेजा गया है।
दिल्ली, मुंबई से पटना तक रेड
गौरतलब है कि इससे पहले, जमीन के बदले नौकरी घोटाला मामले में शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय की टीमों ने दिल्ली-मुंबई- पटना समेत 20 से अधिक जगहों पर छापेमारी की। लालू यादव की तीन बेटियों, रागिनी-हेमा-चंदा के घर पर ईडी ने रेड डाली। जानकारी के मुताबिक, छापों के दौरान, 53 लाख रुपये नकद, 1900 अमेरिकी डॉलर, करीब 540 ग्राम स्वर्ण और सोने के 1.5 किलोग्राम जेवरात जब्त किया गया है। इसी के साथ, दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में स्थित तेजस्वी के घर भी ईडी ने छापेमारी कार्रवाई की और कई अहम दस्तावेज जब्त किए। ईडी की रेड के एक दिन बाद ही सीबीआई ने तेजस्वी यादव को पूछताछ के लिए बुलाया है।
15 मार्च को पेशी
उल्लेखनीय है कि इस मामले में सीबीआई ने आपराधिक षड्यंत्र और भ्रष्टाचार रोकथाम कानून के प्रावधानों के तहत लालू यादव, उनकी पत्नी एवं बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और 14 अन्य के खिलाफ चार्जशीट दायर की हुई है. राउज एवेन्यू कोर्ट ने सभी आरोपियों को 15 मार्च को पेश होने के लिए कहा है।

