Suryakumar Yadav: विस्फोटक भारतीय बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को साल 2023 के लिए ICC T20 प्लेयर ऑफ द ईयर चुना गया है। यह लगातार दूसरी बार है जब सूर्यकुमार को यह पुरस्कार मिला है। इससे पहले, उन्हें टी20 टीम ऑफ द ईयर में भी नामित किया गया था और कप्तान नियुक्त किया गया था। सूर्या लगातार दो बार टी20 प्लेयर ऑफ द ईयर चुने जाने वाले पहले खिलाड़ी हैं, उन्हें साल 2022 के लिए भी यह पुरस्कार मिला है।
सूर्यकुमार का दमदार प्रदर्शन
बता दें कि 2023 में सूर्यकुमार ने अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में करीब 50 का औसत और 150 से ज्यादा का स्ट्राइक रेट बनाए रखा. पिछले साल उन्होंने कई मैचों में भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी. सूर्यकुमार ने जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा, युगांडा के अल्पेश रामजानी और न्यूजीलैंड के मार्क चैपमैन को हराकर यह पुरस्कार जीता। उन्होंने पिछले साल 17 पारियों में 48.86 की औसत और 155.95 की स्ट्राइक रेट के साथ 733 रन बनाए।
महिला वर्ग में इसे मिला पुरस्कार
महिला वर्ग में वेस्टइंडीज की हेले मैथ्यूज ने पुरस्कार हासिल किया। मैथ्यूज 2015 में स्टेफनी टेलर के बाद टी20 प्लेयर ऑफ द ईयर पुरस्कार जीतने वाले दूसरे वेस्ट इंडीज खिलाड़ी बनी। इन दोनों के अलावा, इंग्लैंड या ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों ने पिछले कुछ वर्षों में लगातार इस पुरस्कार पर अपना दबदबा बनाया है।

