Sudha Murthy : मशहूर बिजनेसवुमन और इंफोसिस की सह-संस्थापक सुधा मूर्ति को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राज्यसभा के लिए मनोनीत किया है। प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने सुधा मूर्ति को बधाई देते हुए कहा कि वह महिला शक्ति का एक शक्तिशाली प्रमाण हैं।
उन्होंने कहा, “मुझे खुशी है कि भारत के राष्ट्रपति ने सुधा मूर्ति जी को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया है। सामाजिक कार्य, परोपकार और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में सुधा जी का योगदान अमूल्य और प्रेरणादायक रहा है। राज्यसभा में उनकी उपस्थिति एक नारी शक्ति’ का सशक्त उदाहरण है, जो हमारे राष्ट्र की नियति को आकार देने में महिलाओं की ताकत और क्षमता को प्रदर्शित करता है। मैं संसद में उनके सफल कार्यकाल की कामना करता हूं।”
कौन हैं सुधा मूर्ति?
सुधा मूर्ति इंफोसिस फाउंडेशन की अध्यक्ष हैं और एक शिक्षिका और लेखिका भी हैं। उन्होंने कई किताबें लिखी हैं। उनका जन्म 19 अगस्त 1950 को शिगगांव में हुआ था। उन्होंने 1978 में इंफोसिस के सह-संस्थापक नारायण मूर्ति से शादी की। उनकी बेटी अक्षता मूर्ति का विवाह ब्रिटेन के प्रधान मंत्री ऋषि सुनक से हुआ है। सुधा मूर्ति के बेटे का नाम रोहन मूर्ति है।
वह गेट्स फाउंडेशन की सार्वजनिक स्वास्थ्य पहल की सदस्य भी हैं। उन्होंने हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में मूर्ति क्लासिकल लाइब्रेरी ऑफ इंडिया की स्थापना की। 2006 में, सुधा मूर्ति को भारत के चौथे सबसे बड़े नागरिक पुरस्कार, पद्म श्री से सम्मानित किया गया था। बाद में, उन्हें तीसरे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार, पद्म भूषण से सम्मानित किया गया।

