Subrata Roy Passes Away: सहारा ग्रुप के प्रमुख और मशहूर बिजनेसमैन सुब्रत रॉय अब हमारे बीच नहीं रहे। लंबी बीमारी के बाद मंगलवार रात मुंबई में उनका निधन हो गया। उनका पार्थिव शरीर बुधवार को लखनऊ लाया जाएगा, जहां अंतिम श्रद्धांजलि दी जा सकेगी।
मुख्यमंत्री योगी ने जताया दुख
उनके निधन पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने अपने संदेश में सहारा समूह के मुखिया श्री सुब्रत रॉय के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने प्रभु श्री राम से दिवंगत आत्मा को शांति तथा शोक संतप्त परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
गौरतलब है कि सुब्रत रॉय को 12 नवंबर को मुंबई के निजी अस्पताल कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा था. रात 10:30 बजे उन्होंने आखिरी सांस ली. उनका निधन हृदय गति रूक जाने के कारण हुआ। वह 75 वर्ष के थे और मधुमेह और उच्च रक्तचाप सहित कई गंभीर बीमारियों का सामना कर रहे थे। सुब्रत रॉय की जड़ें उत्तर प्रदेश में थीं। समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने भी उनके निधन पर दुख जताया है.
अखिलेश यादव और शिवपाल यादव ने भी शोक प्रकट किया
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सुब्रत राय के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि सहारा प्रमुख सुब्रत रॉय का निधन उत्तर प्रदेश और देश के लिए भावनात्मक रूप से हानिकारक है. वह न केवल एक बेहद सफल व्यवसायी थे, बल्कि एक बड़े और दयालु हृदय वाले व्यक्ति भी थे, जिन्होंने अनगिनत लोगों के लिए सहारा बनकर काम किया।
वहीं, सहारा श्री सुब्रत रॉय के निधन की दुखद खबर पर दुख जताते हुए शिवपाल यादव ने भी ट्वीट किया. उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

