Greater Noida: नए साल के पहले दिन ग्रेटर नोएडा पुलिस ने अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी पर शिकंजा कसने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस का मानना है कि नए साल के जश्न के दौरान इन पदार्थों की मांग तेजी से बढ़ जाती है, जिसके चलते तस्कर इन्हें नोएडा और ग्रेटर नोएडा में लाकर बेचते हैं। इस अभियान के तहत थाना दादरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
थाना दादरी पुलिस ने सोमवार को एक शातिर तस्कर अरशद (26) निवासी बुलंदशहर को गिरफ्तार किया, जिसके पास से 4 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को बिरयानी पुलिया के पास से पकड़ा गया। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि यह खेप नोएडा और ग्रेटर नोएडा के विभिन्न इलाकों में सप्लाई की जानी थी।
गौतमबुद्ध नगर और बुलंदशहर में आरोपी के खिलाफ दर्ज हैं कई मामले
नोएडा पुलिस मीडिया सेल के अनुसार, अरशद एक शातिर तस्कर है। उसके खिलाफ गौतमबुद्ध नगर और बुलंदशहर के विभिन्न थानों में पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर अन्य तस्करों और पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पहले भी पकड़ी जा चुकी है नशीले पदार्थों की तस्करी
लगभग एक महीने पहले ग्रेटर नोएडा पुलिस और नारकोटिक्स सेल की संयुक्त कार्रवाई में गांजे की खेती के मामले में एक बड़े नशे के कारोबारी को गिरफ्तार किया गया था। आरोपी ने अपने अपार्टमेंट में हाई-टेक उपकरणों और तकनीकों की मदद से गांजे की खेती की व्यवस्था कर रखी थी। पुलिस ने बताया था कि यह ‘प्रीमियम गांजा’ डार्क वेब के जरिए अन्य जगहों पर सप्लाई किया जाता था।
ये भी पढें..
Noida: नोएडा जिला अस्पताल में चोरी की कोशिश नाकाम, सिक्योरिटी गार्ड ने पकड़ा चोर
नए साल पर बढ़ी सतर्कता
ग्रेटर नोएडा पुलिस ने बताया कि नए साल के जश्न के दौरान नशीले पदार्थों की बढ़ती मांग को देखते हुए सख्त कार्रवाई का फैसला लिया गया है। पुलिस द्वारा यह विशेष अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक इन अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह से अंकुश नहीं लगाया जाता।

