उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा प्रमुख अखिलेश यादव आज सपा के पूर्व जिला अध्यक्ष स्वर्गीय गंगा सिंह यादव को श्रद्धांजलि देने अयोध्या पहुंचे। श्रद्धांजलि देने के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने महाराष्ट्र में एनसीपी में हुई टूट को लेकर भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि भाजपा इस तरह का प्रयोग करती रही है। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि भाजपा हमेशा कहती रही है भ्रष्टाचार खत्म होगा, क्या पार्टियों को तोड़ना भ्रष्टाचार नहीं है ? विधायकों को किस तरह का लाभ दिखा कर अपने साथ ले जाते हैं ? क्या पद देकर उनको लाभ के सपने दिखा कर, क्या यह भ्रष्टाचार नहीं है ? यह लगातार लोकतंत्र को कमजोर करने के लिए भाजपा काम करती रहती है और जनता जो जनादेश देती है उसका अपमान करने का काम कोई करता है ?
2024 में सपा और सहयोगी दलों की ऐतिहासिक जीत होगी
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में महंगाई चरम सीमा पर है, भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है, बेरोजगारी और अन्याय चरम सीमा पर है। भाजपा वाले कितना भी जोड़ तोड़ कर ले अंतोगत्वा इनको जाना है। जनता ने मन बना लिया है कि भाजपा वाले कितना भी एक्सपेरिमेंट करें वह एक्सपेरिमेंट कामयाब नहीं होने वाला है। इस बीच सपा मुखिया अखिलेश यादव ने दावा किया कि बीजेपी की मुश्किलें बढ़ती चली जा रही हैं, 2024 में सपा और सहयोगी दलों की ऐतिहासिक जीत होगी।
भाजपा सांसद वरुण गांधी को सपा के टिकट पर लड़ाने के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि जो अच्छा चेहरा होगा उसे समाजवादी पार्टी लड़ाएगी। जब उनसे अयोध्या में रामलला के दर्शन करने पर सवाल पूछा गया तब उन्होंने कहा कि मंदिर का निर्माण होने के बाद वे रामलला का दर्शन जरूर करेंगे, विपक्ष अपनी अपनी जगह मजबूत है। विपक्ष बहुत मजबूती के साथ बीजेपी के खिलाफ लड़ रहा है। बता दें कि अयोध्या आए अखिलेश यादव का अयोध्या की सीमा से लेकर अयोध्या शहर तक जगह-जगह भव्य स्वागत हुआ। रुदौली में सपा नेता चौधरी शहरयार ने भी अपने समर्थकों के साथ भव्य स्वागत किया।

