नोएडा। सेक्टर-145 नलगढ़ा में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने के दौरान शुक्रवार को हंगामा हो गया। लोगों ने विरोध करते हुए प्राधिकरण कर्मचारियों से हाथापाई कर दी। कुछ लोग जेसीबी के आगे लेट गए। ऐसे में प्राधिकरण को बीच में कार्रवाई रोककर वापस लौटना पड़ा।
नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि नलगढ़ा गांव के पास सरकारी जमीन पर कुछ लोग कब्जा कर रहे हैं। यह शिकायत मिलने पर शुक्रवार को प्राधिकरण के वर्क सर्किल-10 की टीम और पुलिस अतिक्रमण हटाने गई।
2 हजार वर्गमीटर जमीन से हटाया गया अवैध निर्माण, यहां कांटी जा रही थी अवैध कालोनी
करीब दो हजार वर्ग मीटर जमीन से अतिक्रमण हटा दिया। यहां कॉलोनी काटी जा रही थी। इसके बाद कुछ दूरी पर ही एक जमीन पर हो रखे अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई तो लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। यहां पर लोगों ने वर्क सर्किल टीम के कर्मचारियों और पुलिस से हाथापाई शुरू कर दी। अन्य पुलिसकर्मियों ने बीच बचाव कर लोगों को हटाया। इसी दौरान मौके पर भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता विरोध करते हुए जेसीबी के आगे लेट गए और प्राधिकरण की कार्रवाई का विरोध करने लगे।
हंगामे के चलते प्राधिकरण टीम को कार्रवाई किए बिना लौटना पड़ा वापस
लोगों के अधिक हंगामे के कारण नोएडा प्राधिकरण को बीच में कार्रवाई बंद कर वापस लौटना पड़ा। इस बारे में नोएडा प्राधिकरण के वर्क सर्किल-10 के वरिष्ठ प्रबंधक केवी सिंह का कहना है कि कुछ लोग सरकारी जमीन पर कब्जा कर रहे थे। कुछ जगह से अतिक्रमण हटाया गया है। वहीं दूसरी ओर प्राधिकरण की इस कार्रवाई को गलत बताते हुए भारतीय किसान यूनियन ने मामले की शिकायत ओएसडी से की है। उन्होंने कहा कि यह किसानों की जमीन है जिसको प्राधिकरण अपना बता रहा है।
नोएडा प्राधिकरण की अधिसूचित जीमन पर बने 8 से 10 कमरे टीम ने की कार्रवाई, लोगों में मच गया हंगामा
जिस जमीन से अतिक्रमण हटाया गया वह जमीन नोएडा प्राधिकरण की अधिसूचित जमीन है। वहां मास्टर प्लान के अनुसार परियोजना का निर्माण प्रस्तावित है। नियोजित जमीन पर 8 से 10 कमरे बने हुए थे। जिनको जेसीबी से हटा दिया गया। इस दौरान हंगामा हुआ था।

