नोएडा के स्क्रैप माफिया रवि काना की महिला मित्र काजल झा को आखिरकार हाईकोर्ट ने जमानत दे दी है। गौरतलब है कि रवि और काजल झा को थाईलैंड के बैंकॉक से डिपोर्ट किए जाने के बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया था।
23 अप्रैल को दिल्ली एयरपोर्ट से हुई थी गिरफ्तार
गौतमबुद्ध नगर में स्क्रैप माफिया रवि काना और उसके गिरोह के खिलाफ पुलिस कमिश्नरेट ने कड़ी कार्रवाई की थी। रवि काना को बैंकॉक से डिपोर्ट किए जाने के बाद 23 अप्रैल को दिल्ली एयरपोर्ट पर पकड़ा गया था। जिला न्यायालय में पेश किए जाने के बाद रवि काना और काजल झा को जेल भेज दिया गया था। वे 27 अप्रैल से जेल में हैं।
जिला न्यायालय के बाद हाईकोर्ट से मिली जमानत
गौतमबुद्ध नगर जिला न्यायालय में काजल झा की जमानत को लेकर दो बार सुनवाई हुई, लेकिन उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी गई। इसके बाद काजल के वकीलों ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया, जहां से अब उन्हें जमानत मिल गई है। गौरतलब है कि जनवरी में जब रवि काना और उसके गिरोह के खिलाफ केस दर्ज किया गया था, तब काजल झा और रवि दोनों बैंकॉक भाग गए थे और वहीं छिपे रहे थे। हालांकि, अप्रैल में पुलिस को उनके ठिकानों के बारे में पता चला। इसके बाद उन्हें बैंकॉक से भारत भेज दिया गया।
अभी भी जेल में ही बंद है रवि काना
जमानत मिलने के बाद काजल को आखिरकार तीन महीने बाद ग्रेटर नोएडा की लक्सर जेल से रिहा कर दिया गया। लेकिन उसका दोस्त अभी भी जेल में बंद है। आरोप है कि रवि और उसके साथियों की करोड़ों की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।

