SC-ST Reservation: एससी-एसटी आरक्षण को लेकर हुए भारत बंद के बीच पटना में हालात तनावपूर्ण हो गए। बंद समर्थकों के विरोध प्रदर्शन के दौरान पटना के डाक बंगला चौराहे पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसमें पटना सदर के एसडीएम श्रीकांत कुंडलिक खांडेकर भी घायल हो गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें एक सिपाही द्वारा एसडीएम को गलती से लाठी मारते हुए देखा जा सकता है।
हंगामे के दौरान पुलिस बल की तैनाती
बुधवार को भारत बंद के दौरान पटना के डाक बंगला चौराहे पर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी इकट्ठा हुए थे। बंद समर्थकों को रोकने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल बड़ी संख्या में तैनात थे। बंद समर्थकों को बार-बार चेतावनी दी जा रही थी कि वे अराजक स्थिति न पैदा करें, लेकिन स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज का सहारा लिया। इसके साथ ही, प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया गया।
एसडीएम पर लाठीचार्ज की घटना
लाठीचार्ज के दौरान, प्रदर्शनकारी डाक बंगला चौराहे से एसपी वर्मा रोड की ओर भागने लगे। इसी बीच पटना सदर के एसडीएम श्रीकांत कुंडलिक खांडेकर एक डीजे ठेला के पास खड़े थे, जिसे बंद समर्थक ही लाए थे और नारेबाजी कर रहे थे। अचानक पीछे से आए एक सिपाही ने उन्हें लाठी मार दी। हालांकि, अन्य सिपाहियों ने तुरंत उस सिपाही को रोककर स्थिति को संभाला।
ये भी पढ़ें..
Noida: नोएडा में राकेश टिकैत का बड़ा बयान: “केंद्र सरकार को प्रधानमंत्री बदलना पड़ेगा”
बिहार में बंद का व्यापक असर
भारत बंद का सबसे अधिक प्रभाव बिहार में देखा गया। राज्य के विभिन्न जिलों में बंद समर्थकों ने प्रदर्शन किया और कई जगहों पर पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। राजधानी पटना में प्रदर्शनकारियों ने सुप्रीम कोर्ट के आरक्षण विरोधी फैसले के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साइंस कॉलेज के पास भी प्रदर्शनकारियों ने उग्र रूप धारण किया, जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। दानापुर में डीआरएम कार्यालय के पास सड़क जाम कर दी गई, जबकि जहानाबाद में बंद समर्थकों और पुलिस के बीच झड़प हो गई।

