आजकल बॉलीवुड और टीवी जगत के लिए काफी बुरे दिन चल रहें ये कह लीजिए कि काले दल छाए हुए हैं। अभी 9 मार्च को सतीश कौशिक दुनिया को अलविदा कहकर पंचत्तव में विलीन हो गए और अब एक और दुखद खबर सामने आई है कि टीवी और बॉलीवुड के जाने मान कलाकार समीर खक्कड़ दुनिया को छोड़कर ईश्वर को प्राप्त हो गए हैं। 71 साल की उम्र में समीर खक्कड़ ने अपनी अंतिम सांस ली।
समीर खक्कड़ के भाई गणेश खक्कड़ एक्टर की मौत की वजहों की जानकारी भी दी, उन्होंने बताया समीर खक्कड़ को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी और पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब चल रही थी। कल दोपहर में उन्हें जब सांस लेने में दिक्कत हुई तो उन्हें बोरिवली के एमएम अस्पताल में दाखिल कराया गया था जहां वे बेहोश हो गये और उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया। बाद में मल्टीपल ऑर्गन फेलियर के चलते आज सुबह 4.30 बजे उनका निधन हो गया.उनका अंतिम संस्कार बोरिवली के बाभई नाका श्मशान भूमि में किया जाएगा।
समीर अपने एक्टिंग करियर के 38 सालों में विभिन्न टीवी शो और फिल्मों का हिस्सा रहे। अभिनेता ने शोबिज से एक छोटा ब्रेक लिया था और यूएसए में बस गए थे। बाद में, उन्होंने वापसी की और दो गुजराती नाटक भी किए और सलमान खान की फिल्म ‘जय हो’ में अपने किरदार के लिए फेमस हुए। समीर ने मनोरंजन, सर्कस (शाहरुख खान के साथ) जैसे सीरियल्स में भी काम किया था। समीर ने ‘परिंदा’, ‘ईना मीना डीका’, ‘दिलवाले’, ‘राजा बाबू’, ‘आतंक ही आतंक’, ‘रिटर्न ऑफ ज्वैल थीफ़’, ‘अव्वल नंबर’, ‘प्यार दीवाना होता है’, ‘हम हैं कमाल के’ जैसी कई फ़िल्मों में चरित्र भूमिकाएं भी निभाईं।

