रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने आज संसद से देश को संबोधित किया और पश्चिमी देशों पर जमकर निशाना साधा। पुतिन ने यूक्रेन से हो रहे युद्ध का जिम्मेदार पश्चिमी देशों को ठहराया है। बता दें कि यूक्रेन के खिलाफ युद्ध के एक साल पूरे होने से कुछ दिन पहले रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने देश को संबोधित किया है।
पुतिन ने अपने संबोधन में कहा कि डोनबास में हमने बहुत कुछ गंवाया है। तब भी डोनबास और लुहांस्क में आखिरी दम तक हार नहीं मानी। पुतिन ने इस जंग का कसूरवार नाटो को ठहराते हुए कहा कि नाटो ने यूक्रेन को युद्ध के लिए उकसाया है।
यूक्रेन ने दुनिया को युद्ध में धकेला
इसके अलावा राष्ट्रपति पुतिन ने पश्चिमी देशों पर निशाना साधते हुए कहा कि पश्चिमी शक्तियों के हस्तक्षेप की वजह से हम आगे बढ़े। यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की को बात करने का अवसर दिया। मगर नाटो ने यूक्रेन को बरगलाया और उकसाया। यूक्रेन ने दुनिया को युद्ध में धकेला है। इस युद्ध का आपसी बातचीत से ही हल निकलेगा। पश्चिमी देशों से परहेज करते हुए यूक्रेन बातचीत की पहल करे तो बेहतर होगा।
पुतिन ने कहा कि रूस ने शांति के लिए हर संभव कोशिश की है। रूस आने वाली पीढ़ियों को जंग से बचाना चाहता है। हमारा प्रण है कि देश को बचाकर रखा जाएगा। राष्ट्रपति ने यूक्रेन युद्ध पर साथ देने के लिए नागिरकों का आभार जाताया। उन्होंने कहा कि रूस पश्चिम के हर नापाक मंसूबे को विफल करते हुए आक्रमण को और तेज करेगा।
उन्होंने कहा, रूस किसी की जान नहीं लेना चाहता। वह चाहते हैं शांतिपूर्ण तरीके से इस युद्ध का हल निकाला जाए। पश्चिम ने दुनिया में दहशत फैलाई। यूक्रेन को अमेरिका और यूरोप जितने हथियार देंगे जंग उतनी ही चलेगी। इस युद्ध ने कई परिवारों को बरबाद किया है। जेलेंस्की ने अपने नागरिकों को धोखा दिया है।
पश्चिमी देशों को रूसीफोबिया हो गया है
रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने आरोप लगाया कि पश्चिम ने शांति प्रस्तावों पर बात नहीं बनने दी। पश्चिमी देशों को रूसीफोबिया हो गया है। युद्ध के मैदान में रूस को हराना इतना आसान नहीं होगा। अमेरिका समस्या के समाधान का पक्षधर नहीं है। पश्चिम देश रूस के टुकड़े करना चाहते हैं। जंग के लिए ट्रिलियन डॉलर दिए जा रहे हैं। अमेरिका ने सीरिया और इराक में जो खेल खेला है, वह चाहता है वैसे ही वह रूस के साथ खेले।
गौरतलब है कि कल अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन अचानक यूक्रेन पहुंचकर पूरी दुनिया को चौका दिया था। यूक्रेन पहुंचकर बाइडन ने युद्धग्रस्त देश को और मदद देने का ऐलान किया। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा है कि वह यूक्रेन को और भी ज्यादा और नए हथियार मुहैया कराएंगे। उन्होंने यूक्रेन की रक्षा के लिए एयर सर्विलांस रडार देने का एलान किया है।

