Rohit Sharma: एक तरफ टीम इंडिया साउथ अफ्रीका के खिलाफ चार मैचों की टी20 सीरीज खेल रही है, जिसका तीसरा मैच आज (बुधवार) को खेला जाएगा। वहीं दूसरी तरफ टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया पहुंच चुकी है। भारतीय टीम 22 नवंबर से ऑस्ट्रेलिया में पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी। हालांकि, कप्तान रोहित शर्मा टीम के साथ ऑस्ट्रेलिया नहीं गए हैं। रोहित टीम के साथ क्यों नहीं गए और वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कितने टेस्ट मैच मिस करेंगे, आइए जानते हैं।
इससे पहले कई मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया था कि रोहित शर्मा केवल पर्थ में होने वाले पहले टेस्ट मैच से ही बाहर रहेंगे, जो 22 नवंबर से शुरू होना है। हालांकि, उस समय इसके पीछे की वजह का खुलासा नहीं किया गया था। सिर्फ इतना बताया गया था कि रोहित निजी कारणों से रुके हैं और पहले टेस्ट में नहीं खेलेंगे।
अब खबर आई है कि रोहित शर्मा न केवल पर्थ टेस्ट बल्कि एडिलेड टेस्ट भी मिस करेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रोहित ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले दो टेस्ट मैचों में टीम इंडिया का हिस्सा नहीं होंगे। ऐसा इसलिए क्योंकि रोहित फिर से पिता बनने वाले हैं और उम्मीद है कि अगले हफ्ते उनके बच्चे का जन्म होगा। नतीजतन, वह अपने परिवार के साथ समय बिताना चाहते हैं और उन्होंने बीसीसीआई से छुट्टी ले ली है।
रोहित की अनुपस्थिति में बुमराह होंगे टीम के कप्तान
ऑस्ट्रेलिया रवाना होने से पहले, टीम इंडिया के मुख्य कोच ने स्पष्ट किया कि रोहित की अनुपस्थिति में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह टीम की कमान संभालेंगे। बुमराह टेस्ट टीम के उप-कप्तान हैं, इसलिए नियमित कप्तान की अनुपस्थिति में उप-कप्तान ही टीम की कमान संभालेंगे।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए टीम इंडिया की संभावित प्लेइंग इलेवन: केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल, विराट कोहली, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह (कप्तान) और प्रसिद्ध कृष्णा।

