फरवरी में तेज गर्मी के बाद महीने की नई शुरूआत होते ही मौसम ने करवट ली है। बुधवार की सुबह ही मौसम काफी सुहावना देखने को मिल रहा है। लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है, मौसम विभाग ने दिल्ली एनसीआर समेत उत्तर भारत में हल्की बारिश की आशंका भी जताई है।
दिल्ली एनसीआर में अधिकतम 31.2 डिग्री सेल्सियस वहीं न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस अनुमानित किया गया है। मौसम विज्ञान भवन द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक बुधवार (1 मार्च) को दिल्ली-एनसीआर और उसके नजदीकी यूपी और हरियाणा के इलाकों में हल्की से मध्यम तीव्रता की गरज के साथ बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने इन इलाकों में हल्की बारिश का अनुमान
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 2 घंटों के दौरान दिल्ली, एनसीआर (हिंडन एएफ स्टेशन, गाजियाबाद, इंदिरापुरम) करनाल, मेहम, रोहतक, भिवानी (हरियाणा) हस्तिनापुर, चांदपुर, अमरोहा (यूपी) के कुछ स्थानों और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। हवा की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है.
गर्मी ने फरवरी में तोड़े सारे रिकॉर्ड
राजधानी में फरवरी महीने में गर्मी ने 72 साल का रिकॉर्ड तोड दिया था। लेकिन बुधवार को तेज हवा और घने बादलों ने मौसम को खुशनुमा बना दिया है। इंडिया गेट पर सुबह के वक्त मौसम का लुत्फ उठाते नजर आए।
मार्च से मई तक मौसम का हाल
मौसम विभाग ने अगले दो महीनों के लिए गर्मी का पूर्वानुमान भी जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, मार्च से मई के दौरान पूर्वोत्तर, पूर्व और मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों और उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। देश के बाकी हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य या उससे कम रहेगा।

