RCB Captain IPL 2025: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने आईपीएल 2025 के लिए रजत पाटीदार को अपना नया कप्तान नियुक्त किया है। लंबे समय से अटकलें थीं कि एक बार फिर विराट कोहली को टीम की कमान सौंपी जा सकती है, लेकिन फ्रेंचाइजी ने पाटीदार पर भरोसा जताया।
फाफ डु प्लेसिस हुए दिल्ली कैपिटल्स के साथ
पिछले सीजन यानी आईपीएल 2024 में दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज खिलाड़ी फाफ डु प्लेसिस आरसीबी के कप्तान थे। हालांकि, आईपीएल 2025 के लिए हुई मेगा ऑक्शन से पहले फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिटेन नहीं किया और न ही ऑक्शन में दोबारा खरीदा। इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स ने डु प्लेसिस को 2 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल कर लिया।
रजत पाटीदार को 11 करोड़ में किया गया रिटेन
आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन से पहले आरसीबी ने सिर्फ तीन खिलाड़ियों को रिटेन किया था। इसमें विराट कोहली, यश दयाल और रजत पाटीदार शामिल थे।
- विराट कोहली – 21 करोड़ रुपये
- रजत पाटीदार – 11 करोड़ रुपये
- यश दयाल – 5 करोड़ रुपये
अब फैंस उम्मीद लगाए बैठे हैं कि आरसीबी अपने नए कप्तान रजत पाटीदार की अगुवाई में पहली बार आईपीएल ट्रॉफी जीतने में सफल रहेगी।
रजत पाटीदार का आईपीएल करियर
रजत पाटीदार 2021 से ही आरसीबी टीम का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने अपने आईपीएल करियर में अब तक 27 मैच खेले हैं, जिसमें 24 पारियों में 34.73 की औसत और 158.84 के स्ट्राइक रेट से 799 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 1 शतक और 7 अर्धशतक जड़े हैं।