Rajya Sabha Election: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी अब लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगी. पार्टी ने बुधवार 14 फरवरी को उन्हें राजस्थान से राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाया है. उन्होंने आज जयपुर जाकर अपना नामांकन दाखिल किया. वह निर्विरोध चुनी जाएंगी. सोनिया के साथ राहुल और प्रियंका भी मौजूद थे. बता दें कि सोनिया गांधी राज्यसभा जाने वाली नेहरू-गांधी परिवार की दूसरी महिला हैं। इससे पहले इंदिरा गांधी (1964-1967) राज्यसभा सांसद थीं।
इस बीच 27 फरवरी को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए बुधवार को बीजेपी ने 5 और कांग्रेस ने 4 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया. बीजेपी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को ओडिशा से मैदान में उतारा है. उन्हें बीजेडी का समर्थन प्राप्त है. उनके अलावा केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन, उमेश नाथ महाराज, माया नारियोलिया और बंसीलाल गुर्जर को मध्य प्रदेश से उम्मीदवार बनाया गया है.
उधर, कांग्रेस ने भी राज्यसभा के लिए अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी है. सोनिया गांधी के अलावा अभिषेक मनु सिंघवी को हिमाचल प्रदेश, डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह को बिहार और चंद्रकांत हंडोरे को महाराष्ट्र से उम्मीदवार बनाया गया है.
यूपी से बीजेपी उम्मीदवार
इससे पहले बीजेपी ने रविवार (11 फरवरी) को 7 राज्यों से 14 लोगों के नामों का ऐलान किया था. इसमें उत्तर प्रदेश में कांग्रेस से बीजेपी में शामिल होने वाले आरपीएन सिंह, सुधांशु त्रिवेदी, चौधरी तेजवीर सिंह, साधना सिंह, अमर पाल मौर्य, संगीता बलवंत, नवीन जैन शामिल हैं.
इसके अलावा, हरियाणा से सुभाष बराला, बिहार से धर्मशीला गुप्ता और भीम सिंह, उत्तराखंड से महेंद्र भट्ट, बंगाल से समिक भट्टाचार्य, कर्नाटक से नारायण कृष्णस्वामी भांडगे और छत्तीसगढ़ से राजा देवेंद्र प्रताप सिंह शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: UP Politics: सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने दिया इस्तीफा, अखिलेश यादव के नाम लिखा चिट्ठी, जताई नाराजगी
उत्तर प्रदेश से 7 बीजेपी उम्मीदवारों का नामांकन
बीजेपी के 7 राज्यसभा उम्मीदवार बुधवार को विधानसभा पहुंचे. सभी सातों ने अपना नामांकन दाखिल किया. इस मौके पर सीएम योगी और दोनों डिप्टी सीएम भी मौजूद रहे. बीजेपी ने राज्यसभा के लिए सुधांशु त्रिवेदी, आरपीएन सिंह, अमर पाल मौर्य, चौधरी तेजवीर सिंह, संगीता बलवंत, साधना सिंह और नवीन जैन को उम्मीदवार बनाया है.
राज्यसभा की 56 सीटों पर 27 फरवरी को चुनाव होंगे
राज्यसभा की 56 सीटों के लिए 27 फरवरी को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक वोटिंग होगी. चुनाव आयोग ने इसके लिए 8 फरवरी को अधिसूचना जारी कर दी है. 15 फरवरी नामांकन की आखिरी तारीख है. नतीजे 27 फरवरी को घोषित किए जाएंगे.

