Rajya Sabha Election 2024: उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए चल रहे मतदान के बीच समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को बड़ा झटका लगा है. दरअसल, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के करीबी विधायक मनोज पांडे ने इस्तीफा दे दिया है। मनोज पांडेय ने मुख्य सचेतक पद से इस्तीफा दिया है. माना जा रहा है कि मनोज अब भारतीय जनता पार्टी को वोट कर सकते हैं.
सपा नेता अखिलेश यादव को लिखे एक पत्र में मनोज पांडेय ने लिखा- मैं आपको सूचित करना चाहता हूं कि आपके द्वारा मुझे उत्तर प्रदेश विधान सभा में सपा विधायक दल का मुख्य सचेतक नियुक्त किया गया था. अतः मैं मुख्य सचेतक के पद से इस्तीफा दे रहा हूं. कृपया इसे स्वीकार करने की कृपा करें।

इस बीच दावा किया जा रहा है कि मनोज पांडेय ने सीएम योगी आदित्यनाथ से बात की है. भाजपा नेता और योगी सरकार में मंत्री दया शंकर सिंह मनोज पांडेय के घर पहुंचे. सूत्रों का दावा है कि दयाशंकर उनके साथ वोट देने जायेंगे. सूत्रों के मुताबिक, दयाशंकर ने मनोज पांडेय को सीएम योगी से फोन पर बात कराई है.
योगी के मंत्री ने क्या कहा ?
मनोज पांडे के इस्तीफे पर उत्तर प्रदेश के मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा, ”मनोज पांडे हमेशा से सनातन धर्म के समर्थक रहे हैं. जब रामलला के दर्शन का प्रस्ताव आया तो वह चाहते थे कि सभी लोग दर्शन के लिए जाएं, लेकिन लोगों ने इसका विरोध किया. आज उन्होंने पीएम मोदी की नीतियों पर विश्वास कर फैसले ले रहें है.
बता दें कि यूपी से बीजेपी के राज्यसभा उम्मीदवार आरपीएन सिंह, सुधांशु त्रिवेदी, चौधरी तेजवीर सिंह, साधना सिंह, अमर पाल मौर्य, संगीता बलवंत, नवीन जैन, संजय सेठ हैं. वहीं, सपा से आलोक रंजन, जया बच्चन और रामजीलाल सुमन उम्मीदवार हैं.

