Rahul Gandhi: लोकसभा में शनिवार को संविधान पर चर्चा के दौरान कांग्रेस नेता और विपक्ष के प्रमुख नेता राहुल गांधी ने केंद्र और यूपी सरकार पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी ने संविधान के महत्व को रेखांकित करते हुए हाथरस गैंगरेप कांड, जाति जनगणना और सामाजिक भेदभाव जैसे मुद्दों पर तीखी टिप्पणियां कीं।
हाथरस कांड को लेकर योगी सरकार पर हमला
राहुल गांधी ने कहा, “चार साल पहले उत्तर प्रदेश के हाथरस में एक दलित युवती का बलात्कार हुआ। अपराधी आज भी खुलेआम घूम रहे हैं, जबकि पीड़ित परिवार कैद जैसा जीवन जीने को मजबूर है। यह संविधान में कहां लिखा है? यूपी में संविधान नहीं, मनु स्मृति लागू है।” राहुल ने यह भी आरोप लगाया कि यूपी सरकार ने पीड़ित परिवार को दूसरी जगह घर देने का वादा किया था, जो अब तक पूरा नहीं हुआ। उन्होंने कहा, “उस परिवार को नई जगह घर देने का काम हम ‘इंडिया’ गठबंधन के लोग करेंगे।”
संविधान और सावरकर पर बयान
राहुल गांधी ने चर्चा के दौरान संविधान निर्माताओं अंबेडकर, गांधी और नेहरू के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके विचारों का स्रोत शिव, बुद्ध, महावीर और कबीर जैसे महापुरुषों में मिलता है। उन्होंने सावरकर के एक कथन का हवाला देते हुए कहा, “सावरकर ने कहा था कि संविधान की सबसे बड़ी खामी यह है कि इसमें कुछ भी भारतीय नहीं है। उन्होंने मनु स्मृति को संविधान की जगह लागू करने की वकालत की थी।” राहुल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, “जब आप संविधान बचाने की बात करते हैं तो अपने नेता सावरकर का मजाक उड़ाते हैं।”
जाति जनगणना का मुद्दा
जाति जनगणना को लेकर राहुल गांधी ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, “आप हिंदुस्तान के युवाओं का अंगूठा काट रहे हैं, ठीक वैसे ही जैसे द्रोणाचार्य ने एकलव्य का अंगूठा काटा था। जब आप अडानी को धारावी बेचते हैं, तो धारावी के लोगों का अंगूठा काटते हैं। जब आप अडानी की मदद करते हैं, तो देश के गरीब और पिछड़े वर्गों का अंगूठा काटते हैं।” उन्होंने कहा, “हम जाति जनगणना के जरिए दिखाना चाहते हैं कि किस वर्ग का शोषण हुआ है। 50 प्रतिशत आरक्षण की सीमा की दीवार को भी हम ही गिराएंगे।”
भेदभाव और हिंसा के मुद्दे
लोकसभा अध्यक्ष द्वारा संविधान पर केंद्रित रहने की नसीहत पर राहुल गांधी ने कहा, “संविधान में एकाधिकार और भेदभाव की बातें नहीं लिखी हैं। लेकिन, भाजपा सरकार इन्हीं को लागू कर रही है।” राहुल ने संभल में हुई हिंसा का उल्लेख करते हुए कहा, “सरकार निर्दोष लोगों को मार रही है और धार्मिक समुदायों को एक-दूसरे के खिलाफ भड़का रही है।”
ये भी पढें..
भाजपा पर निशाना
राहुल गांधी ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा सरकार अडानी जैसे उद्योगपतियों के हित में काम कर रही है और आम जनता के अधिकारों का हनन कर रही है। उन्होंने कहा, “संविधान को बचाने की जिम्मेदारी हमारी है, क्योंकि यह देश के हर नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार देता है।”

