कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद राहुल गांधी आज पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर दौरे पर गए थे। वे मणिपुर में हिंसा पीड़ित परिवारों से मिलने जा रहे थे लेकिन उनके काफिले को मणिपुर पुलिस ने राज्य की राजधानी इंफाल से लगभग 20 किमी दूर बिष्णुपुर में रोक दिया। बता दें कि इंफाल पहुंचने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी राहत शिविरों का दौरा करने के लिए चुराचांदपुर जा रहे थे।
गौरतलब है कि पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रास्ते में हिंसा की आशंका के चलते राहुल गांधी के काफिले को रोका गया है। अब वे इम्फाल एयरपोर्ट से हेलिकॉप्टर के जरिए पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में जाएंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मेघाचंद्र ने बताया कि राहुल गांधी चार्टर प्लेन से गुरुवार को इंफाल हवाई अड्डे पर उतरकर सड़क मार्ग से चुराचांदपुर के लिए रवाना हुए थे। गांधी वहां कुकी सीएसओ नेताओं तथा शरणार्थी कैंपों में रह रहे विस्थापित लोगों से भी मिलने वाले हैं। वहां से लौटते हुए वे विष्णुपुर जिले में स्थित विभिन्न शरणार्थी शिविरों में जाएंगे और वे मोइरांग में रात्रि विश्राम करेंगे।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार की सुबह राहुल गांधी इंफाल स्थित शरणार्थी शिविर में जाने वाले हैं। जहां, मैतेई, मैतेई-पंगल तथा नगा समुदाय के प्रतिनिधियों से एक होटल इंफाल में मिलेंगे। इसके बाद दोपहर को दिल्ली प्रस्थान करने से पहले वे मणिपुर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर पत्रकारों को भी संबोधित करेंगे।

