Prajwal Revanna: कर्नाटक के हासन से लोकसभा उम्मीदवार और जेडीएस नेता प्रज्वल रेवन्ना को लेकर विवाद बढ़ गया है। यौन उत्पीड़न मामले में कर्नाटक के गृह मंत्री डॉ. जी परमेश्वर ने रविवार को कहा कि प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया गया है। प्रज्वल के भारत प्रत्यर्पण के लिए इंटरपोल की मदद ली जा रही है। इंटरपोल सभी देशों को प्रज्वल के बारे में जानकारी देगा. उन्होंने कहा कि प्रज्वल को कैसे वापस लाया जाए इसका फैसला एक विशेष जांच टीम करेगी.
ब्लू कॉर्नर नोटिस क्या है?
अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक पुलिस संगठन, जिसे इंटरपोल के नाम से जाना जाता है, द्वारा एक ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया जाता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इंटरपोल किसी अपराध से जुड़े व्यक्ति के बारे में जानकारी इकट्ठा करने के लिए ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी करता है, जिसमें उनकी पहचान, स्थान और अन्य विवरण शामिल होते हैं। नोटिस के लिए जांच एजेंसी को इंटरपोल से अनुरोध करना होगा. गौरतलब है कि इंटरपोल विभिन्न प्रकार की कार्रवाइयों के लिए अलग-अलग रंग का कॉर्नर नोटिस जारी करता है।
एसआईटी ने किया था सीबीआई से अनुरोध
एसआईटी ने इस मामले में प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी करने का सीबीआई से अनुरोध किया था। जांच टीम ने उम्मीद जताई कि हासन सांसद के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी करने के बाद उनके ठिकाने की जानकारी मिल सकेगी. बताया जाता है कि कर्नाटक में पहले चरण के मतदान के बाद प्रज्वल रेवन्ना 27 अप्रैल को विदेश चले गए थे. उनके वकीलों ने एसआईटी के सामने पेश होने के लिए सात दिनों की मांग की थी, जिस पर जांच टीम ने जवाब दिया कि यह संभव नहीं है. मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने एसआईटी को प्रज्वल को गिरफ्तार करने के लिए तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. इस मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया है.
यह भी पढ़ें: Loksabha Election 2024: पीएम मोदी ने राहुल-अखिलेश पर साधा निशाना, जानें I.N.D.I.A गठबंधन को लेकर क्या कहा
ये है मामला
बता दें कि 33 साल के प्रज्वल रेवन्ना पर यौन उत्पीड़न के कई आरोप लग चुके हैं और इससे जुड़े कई वीडियो भी वायरल हो चुके हैं. रेवन्ना पर कथित तौर पर सैकड़ों अश्लील वीडियो बनाने का भी आरोप है. इस मामले में राज्य सरकार ने एसआईटी का गठन किया है. प्रज्वल कर्नाटक की हासन लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, जहां 26 अप्रैल को मतदान हुआ था।
एक दिन पहले पिता को हिरासत में लिया गया
सेक्स स्कैंडल मामले में प्रज्वल रेवन्ना की जांच कर रही एसआईटी ने शनिवार को उनके पिता एचडी रेवन्ना को हिरासत में ले लिया. रेवन्ना ने गिरफ्तारी से बचने के लिए कोर्ट में अग्रिम जमानत की अपील की थी, जिसे खारिज कर दिया गया. इसके बाद एसआईटी ने एचडी रेवन्ना को हिरासत में ले लिया।

