Delhi University परिसर में विभिन्न स्थानों पर लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करने की अपील करने वाले पोस्टर के बाद दिल्ली पुलिस ने दो प्राथमिकी दर्ज की हैं। राजधानी के सभी सात लोकसभा क्षेत्रों में कल यानि 25 मई को मतदान होना है। इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार को दिल्ली विश्वविद्यालय से संबद्ध दो कॉलेजों को एक गुमनाम कॉल मिली, जिसमें विस्फोट की धमकी दी गई। जांच करने पर पता चला कि कॉल फर्जी थी।
Delhi University में विस्फोट की धमकी भरे कॉल भी
दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी के लेडी श्री राम कॉलेज और श्री वेंकटेश्वर कॉलेज में विस्फोट की धमकी भरे कॉल आए थे। बाद में, दिल्ली पुलिस ने बताया कि कॉल फर्जी थे और चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। इसके साथ साथ दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, “Delhi University के दो कॉलेजों में विस्फोट की धमकी भरे कुछ फोन कॉल आए थे। हालांकि, अब इन कॉलों को फर्जी पाया गया है। इसमें चिंता की कोई बात नहीं है।
राजधानी के कई निजी स्कूलों में बम की झूठी धमकी
गुरुवार को बेंगलुरु के द ओटेरा समेत तीन प्रतिष्ठित होटलों को भी बम की धमकी वाला मेल मिला। इस सप्ताह की शुरुआत में गृह मंत्रालय के मुख्यालय नॉर्थ ब्लॉक में पुलिस कंट्रोल रूम को एक ईमेल मिला जिसमें दावा किया गया था कि मंत्रालय में बम रखा गया है। हाल ही में स्कूलों और अस्पतालों समेत कई जगहों पर इसी तरह के बम की धमकी वाले ईमेल मिले हैं।
दिल्ली उच्च न्यायालय ने मांगी है रिपोर्ट
30 अप्रैल को दिल्ली के चाचा नेहरू अस्पताल को धमकी दी गई और 1 मई को 150 से ज़्यादा स्कूलों को रूस स्थित ईमेल सेवा से धमकियाँ मिलीं। इससे पहले, अप्रैल में दिल्ली उच्च न्यायालय ने राजधानी के कई निजी स्कूलों में बम की झूठी धमकी के मामले में आप सरकार से विस्तृत स्थिति रिपोर्ट मांगी थी।

