सीएम योगी आदित्यनाथ ने वाहनों पर जातिसूचक बोर्ड लगाकर चलने वालों पर कार्रवाई का निर्देश दिया है। इस सिलसिले में गौतमबुद्ध नगर में भी अभियान चलाकर जातिसूचक शब्द का इस्तेमाल करने वाले वाहनों के यातायात पुलिस ने चालान किए हैं। शहर के सभी क्षेत्रों में चले अभियान में जगह-जगह बाइक पर जातिसूचक बोर्ड लगा हुआ मिला। वाहन एक्ट के अनुसार नंबर प्लेट पर नंबर के अलावा कुछ भी लिखवाना गैरकानूनी है।
युवाओं में है ज्यादा चलन
नियमों के विरुद्ध कुछ लोग अपनी बाइक और गाड़ियों की नंबर प्लेट और शीशे पर जातिसूचक शब्द लिखवा रहे हैं। इन वाहन स्वामियों से जातिसूचक बोर्ड लगाकर चलने की बारे में पूछा गया तो उन्होंने कुछ भी बोलने से इन्कार कर दिया। यह हाल शहर ही नहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में भी है। सबसे ज्यादा प्रचलन युवा वर्ग में है, जो बाइक पर अपनी जाति लिखवाकर चल रहे हैं।
एक्शन मोड में ट्रैफिक पुलिस
डीसीपी ट्रैफिक अनिल यादव ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को दंड का सामना करना पड़ेगा। बार-बार उल्लंघन करने वालों को बढ़े हुए जुर्माने की राशि भरनी होगी। वाहनों पर जातिसूचक, संप्रदाय सूचक, पोस्ट सांकेतिक और अन्य आपत्तिजनक शब्द या चित्र पाए जाने पर भी कार्रवाई की जाएगी। अगर लोग मॉडिफाइड साइलेंसर, खराब नंबर प्लेट, काली विंडशील्ड, गलत दिशा में ड्राइविंग आदि के साथ गाड़ी चला रहे हैं, तो इन सभी पर ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई होगी।

