विपक्षी एकता इंडिया ने वर्त्तमान सरकार एनडीए के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लेकर आई है जिसपर लोकसभा में चर्चा चल रही है। उसी अविश्वास प्रस्ताव पर जवाब देने के लिए आज प्रधानमंत्री मोदी लोकसभा पहुंचे। अपने सम्बोधन के दौरान उन्होंने विपक्ष के गठबंधन से लेकर राहुल गांधी तक पर खूब निशाना साधा। उन्होंने विपक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों पर भी बड़े ही इत्मीनान से जवाब दिया। अपने संबोधन की शुरुवात करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने देश की जनता का आभार जताते हुए कहा कि देश की जनता ने बार-बार हमारी सरकार के प्रति विश्वास जताया है, मैं देश की करोड़ों जनता के प्रति अपना आभार जताने के लिए यहां आया हूं।
पीएम मोदी ने विपक्ष पर चुटकी लेते हुए कहा कि आज मैं देख रहा हूं कि विपक्ष ने तय कर लिया है कि जनता के आशीर्वाद से NDA और भाजपा पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए प्रचंड जीत के साथ वापस आएगी। उन्होंने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव हमारे लिए सदैव भाग्यशाली है, इससे यह भी सुनिश्चित होगा कि हम रिकॉर्ड तोड़ जनादेश के साथ लौटेंगे।
2028 में अविश्वास प्रस्ताव लेकर आएगा विपक्ष
इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि भगवान बहुत दयालु हैं और वे किसी ना किसी माध्यम से अपनी इच्छा की पूर्ति करता है। मैं इसे भगवान का आशिर्वाद मानता हूं कि ईश्वर ने विपक्ष को सुझाया और वे प्रस्ताव लेकर आए। मैंने 2018 में अविश्वास प्रस्ताव के दौरान कहा था कि यह हमारे लिए फ्लोर टेस्ट नहीं है बल्कि ये उनके लिए फ्लोर टेस्ट है और परिणामस्वरूप वे चुनाव हार गए। पीएम मोदी ने आगे कहा कि हम एक बार फिर से आ रहे हैं और विपक्ष फिर 2028 में अविश्वास प्रस्ताव लेकर आएगा। विपक्ष की सोच अविश्वास से भरी हुई है।
पीएम मोदी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि ये मोहब्बत की दुकान की बात करते हैं. इनकी दुकान लूट की दुकान है। भ्रष्टाचार की दुकान है। तुष्टिकरण की राजनीति की दुकान है। कल यहां (लोक सभा में) दिल से बात करने की बात भी कही गई थी। उनके (राहुल गांधी) दिमाग के हाल को तो एक लंबे समय से जानता हूं। अब उनके दिल का भी पता चल गया।

