PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले सप्ताह संयुक्त राष्ट्र महासभा में आयोजित होने वाले ‘भविष्य का शिखर सम्मेलन’ में भारत की विकास यात्रा पर प्रकाश डालेंगे। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पर्वतनेनी हरीश ने इस बात की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी भारत में हुए महत्वपूर्ण घरेलू विकास की जानकारी विश्व के सामने रखेंगे।
हरीश ने एक विशेष इंटरव्यू में कहा, “मुझे लगता है कि प्रधानमंत्री मोदी भारत के अपने घरेलू विकास की कहानी साझा करेंगे।”
पीएम मोदी की अमेरिका यात्रा
प्रधानमंत्री मोदी तीन दिवसीय दौरे पर शनिवार को अमेरिका पहुंचेंगे। इस यात्रा के दौरान वे पहले डेलावेयर के विलमिंगटन में क्वाड समूह के चौथे शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे, जिसकी मेजबानी अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन करेंगे। क्वाड (QUAD) समूह में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं, जो हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और स्थिरता के लिए कार्य करता है।
इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी न्यूयॉर्क के लॉन्ग आइलैंड में भारतीय समुदाय को 22 सितंबर को संबोधित करेंगे। 23 सितंबर को पीएम मोदी संयुक्त राष्ट्र महासभा में आयोजित ‘भविष्य का शिखर सम्मेलन’ को संबोधित करेंगे। इस सम्मेलन के बाद वे भारत के लिए रवाना होंगे।
युवाओं पर विशेष फोकस
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पर्वतनेनी हरीश ने बताया कि इस बार के ‘भविष्य का शिखर सम्मेलन’ का ध्यान विशेष रूप से युवाओं पर केंद्रित होगा, क्योंकि वे ही विश्व का भविष्य हैं। उन्होंने कहा, “भारत की जनसंख्या 140 करोड़ है और हमारी अधिकांश आबादी युवा है। जब प्रधानमंत्री मोदी बोलते हैं, तो वे भारत के युवाओं का संदेश पूरी दुनिया के सामने रखते हैं।”
ये भी पढ़ें..
Up Politics: अखिलेश यादव के बीजेपी पर तिखे प्रहार, मुस्लिम और यादवो को बनाया जा रहा है निशाना
हरीश ने यह भी कहा कि इस सम्मेलन में यह चर्चा होगी कि युवाओं को भविष्य में कैसे शामिल किया जा सकता है और कैसे उनकी हिस्सेदारी बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने कहा, “भारत, जो दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, ने अपने युवाओं को राजनीतिक, आर्थिक और विकास प्रक्रियाओं में सक्रिय रूप से भागीदार बनाने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।”

