PM Modi Oath Ceremony: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सुबह महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की समाधि पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद पीएम शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए युद्ध स्मारक गए। वे आज शाम 7:15 बजे राष्ट्रपति भवन में तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस शपथ ग्रहण के साथ ही मोदी पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के 62 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे, जो लगातार तीन बार प्रधानमंत्री बने थे।
लगातार तीसरी बार बनेंगे पीएम
बता दें कि पंडित नेहरू 1952, 1957 और 1962 में जीतकर लगातार पीएम बने थे। हालांकि, नेहरू की सरकार के पास पूर्ण बहुमत था, जबकि मोदी का तीसरा कार्यकाल गठबंधन पर आधारित होगा। 1990 के दशक से देश में गठबंधन की राजनीति का चलन रहा है। मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने 2014 और 2019 में पूर्ण बहुमत हासिल करके इस चलन को तोड़ा।
7 पड़ोसी देशों के राष्ट्राध्यक्ष होंगे शामिल
हालांकि, इस बार हुए लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा 240 सीटों पर सिमट गई, जिसके लिए उसे बहुमत हासिल करने के लिए अपने गठबंधन सहयोगियों के समर्थन की जरूरत पड़ी है। 7 जून को संसद के सेंट्रल हॉल में हुई बैठक में एनडीए नेताओं ने मोदी को अपना नेता चुना। अब शपथ ग्रहण समारोह का इंतजार है। इस समारोह में चीन, पाकिस्तान और अफगानिस्तान को छोड़कर सात पड़ोसी देशों- श्रीलंका, बांग्लादेश, मालदीव, सेशेल्स, मॉरीशस, नेपाल और भूटान के राष्ट्राध्यक्ष शामिल होंगे।

