प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सोमवार को कर्नाटक में शिवमोग्गा हवाई अड्डे का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के दिग्गज नेता बीएस येदियुरप्पा को जन्मदिन की बधाई दी। बता दें कि आज येदियुरप्पा अपना 80वां जन्मदिन मना रहें हैं।
बहरहाल, प्रधानमंत्री मोदी ने हवाई अड्डा के उद्घाटन के दौरान एक विशाल जनसभा को भी संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज मुझे एक बार फिर कर्नाटक के विकास से जुड़े हजारों-करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स के लोकार्पण और शिलान्यास का अवसर मिला है।
शिवमोग्गा एयरपोर्ट की तारीफ करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि शिवमोग्गा हवाई अड्डा भव्य और सुंदर है। इस एयरपोर्ट पर कर्नाटक की परंपरा और तकनीक का मेल देखा जा सकता है। यह सिर्फ एक हवाई अड्डा नहीं है। यह इस क्षेत्र के युवाओं के सपनों की एक नई यात्रा का अभियान है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के शासन के दौरान एयर इंडिया भ्रष्टाचार और घाटे के कारोबार के लिए जानी जाती थी। आज एयर इंडिया नई ऊंचाइयों को छू रही है।
इसके अलावा पीएम मोदी ने कहा कि छोटे शहर भी हवाई कनेक्टिविटी से जुड़ें, ऐसी सोच कांग्रेस की थी ही नहीं। आज देश के अनेक छोटे शहरों के पास आधुनिक हवाई अड्डे हैं। आप कल्पना कर सकते हैं कि भाजपा सरकार के काम करने की रफ़्तार क्या है। पीएम मोदी ने कहा कि वो दिन दूर नहीं जब भारत के नागरिक ‘मेड इन इंडिया’ वाले विमान में घूमेंगे।

