प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि भारत सेमीकंडक्टर उद्योग के लिए आज रेड कार्पेट बिछा रहा है। भारत के पास तकनीक, जनसांख्यिकी, लोकतंत्र और रिफार्म्स के प्रति समर्पित सरकार है। ऐसे में कहा जा सकता है कि भारत सेमीकंडक्टर क्षेत्र के लिए ‘गुड कंडक्टर’ बन रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने आज गुजरात के गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर में सेमीकॉनइंडिया 2023 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने सभा को भी संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज की वैश्विक परिस्थिति में दुनिया के देशों को चिप मुहैया कराने के लिए एक विश्वसनीय सहयोगी की जरूरत है। ऐसे में दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र से ज्यादा विश्वसनीय भागीदार कौन हो सकता है। पिछले साल सेमीकॉन के पहले संस्करण में भागीदारी को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने सेमीकंडक्टर उद्योग में भारत में निवेश के बारे में उस समय उठाए गए सवालों पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि एक वर्ष की अवधि में प्रश्न ‘भारत में निवेश क्यों करें’ से ‘भारत में निवेश क्यों न करें’ में बदल गया है।
भारत की जी20 थीम ‘एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य’ पर विचार करते हुए प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि भारत को सेमीकंडक्टर विनिर्माण केंद्र बनाने के पीछे भी यही भावना है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत चाहता है कि उसके कौशल, क्षमता और सामर्थ्य से पूरी दुनिया लाभान्वित हो। उन्होंने वैश्विक भलाई और बेहतर दुनिया के लिए भारत की क्षमता को बढ़ावा देने पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने इस उद्यम में भागीदारी, सुझावों और विचारों का स्वागत किया और उद्योग जगत के नेताओं को आश्वासन दिया कि भारत सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।
