Petrol-Diesel Price Cut: सरकार ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कटौती की खबरों को खारिज कर दिया है. पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कटौती की खबरों को अफवाह करार दिया है. पेट्रोलियम मंत्री ने कहा कि ईंधन की कीमतों में कटौती को लेकर सरकारी तेल विपणन कंपनियों के साथ कोई चर्चा नहीं हुई है।
कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उल्लेखनीय गिरावट देखी जा रही है। ब्रेंट क्रूड ऑयल 75 डॉलर प्रति बैरल के करीब 75.65 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है। WTI क्रूड 70 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है। कच्चे तेल की कीमतों में कमी के चलते तीनों सरकारी तेल कंपनियां पेट्रोल-डीजल की बिक्री पर मुनाफा कमा रही हैं। पिछले हफ्ते ऐसी खबरें आई थीं कि नए साल में पेट्रोल की खुदरा कीमतों में 10 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमतों में 6 रुपये प्रति लीटर तक की कटौती हो सकती है। हालांकि पेट्रोलियम मंत्री अब इन खबरों का खंडन कर रहे हैं.
ईंधन की कीमत में कटौती की खबर अफवाह!
पेट्रोलियम मंत्री ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में संभावित कटौती को लेकर किसी भी खबर पर फिलहाल रोक लगा दी है. उन्होंने साफ कहा कि यह खबर पूरी तरह से अफवाह है। हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि तेल विपणन कंपनियों के साथ कीमत में कटौती को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई है। पेट्रोलियम मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि सरकार विभिन्न मार्गों से सुरक्षित तेल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए काम कर रही है और लाल सागर से जुड़े मुद्दों पर करीब से नजर रख रही है.
लोकसभा चुनाव से पहले तोहफा
हालांकि पेट्रोलियम मंत्री फिलहाल पेट्रोल-डीजल की कीमतों में किसी भी कटौती से इनकार कर रहे हैं, लेकिन ये भी सच है कि अगले तीन महीने में लोकसभा चुनाव शुरू हो जाएंगे. सरकार हर वो कदम उठाने की कोशिश कर रही है जिससे लगातार तीसरी बार मोदी सरकार की वापसी सुनिश्चित हो सके. अगर कच्चे तेल की कीमतें इसी स्तर पर रहीं तो ईंधन की कीमतों में कमी से इनकार नहीं किया जा सकता, खासकर तब जब सरकारी तेल कंपनियों के वित्तीय नतीजे बेहतरीन हों।

