रूस-यूक्रेन युद्ध को आज एक साल पूरा हो गया है। वहीं यूक्रेन में व्यापक, न्यायपूर्ण और स्थायी शांति तक पहुंचने की आवश्यकता पर संयुक्त राष्ट्र महासभा में प्रस्ताव पारित किया गया। इस दौरान पाकिस्तान ने बिना सिर पैर वाली बात कर दी और कश्मीर का मुद्दा उठा दिया। पाकिस्तान की इस हरकत का भारत ने करारा जवाब दिया है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन में काउंसलर प्रतीक माथुर ने कहा-‘ वह मंच पर इस बार पाकिस्तान के दुष्ट उकसावे का जवाब नहीं देंगे। उनकी सलाह है पाकिस्तान के प्रतिनिधि भारत के अतीत में दिए गए जवाबों को देखें।‘
बता दें कि संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के दूत मुनीर अकरम ने आपातकालीन विशेष सत्र में यूक्रेन पर संयुक्त राष्ट्र महासभा में मतदान के दौरान अपनी बात करते हुए जम्मू-कश्मीर का जिक्र किया। इसके बाद माथुर ने गुरुवार को ‘उत्तर देने के अधिकार’ का इस्तेमाल किया।
माथुर ने कहा- ‘पाकिस्तान को अपने गिरेबां में झांकना चाहिए। उसका आतंकवादियों को पनाह देने का पुराना रिकॉर्ड है। दो दिन की वार्ता में हम सभी इस बात पर सहमत हुए हैं कि शांति के मार्ग पर चलकर ही संघर्ष की स्थिति से निपटा जा सकता है। ऐसे में यह गलत समय पर की गई बात है।’

