उत्तरप्रदेश के संभल जनपद में कल यानी गुरुवार को कोल्ड स्टोरेज गिरने से कई मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गयी थी और कई मजदूर घायल हो गए थे। अब इस मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुआवजे का ऐलान किया है। उन्होंने मृतकों को दो-दो लाख रुपये और गंभीर घायलों को 50-50 हजार रुपये देने का ऐलान किया है। साथ ही सभी घायलों का नि:शुल्क उपचार कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।
बता दें कि मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने हादसे के कारणों की जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कमिश्नर एवं डीआईजी मुरादाबाद की अध्यक्षता में कमेटी गठित की है। कमेटी प्रकरण की पूरी जांच कर शीघ्र रिपोर्ट देगी, ताकि उसके आधार पर कार्रवाई तय की जा सके।
गौरतलब है कि संभल के चन्दौसी इलाके में स्थित ए आर कोल्ड स्टोर की एक छत गिर गई थी। इस दौरान वहां काम कर रहे कई मजदूर दब गए थे। जिन्हें देर रात तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन कर निकाला गया। गंभीर हालत में कई लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। इस हादसे में अब तक आठ की मौत हो चुकी है। 11 लोगों को बचाया गया है। कुछ लोग के मलबे में अभी भी दबे होने की आशंका के चलते आज भी यानी शुक्रवार को रेस्क्यू जारी है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें रेस्क्यू में जुटी हुई हैं।

