कांग्रेस ने कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) का 20 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल शनिवार को मणिपुर जाएगा। कांग्रेस सांसद सैयद नासिर हुसैन ने शुक्रवार को कांग्रेस मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान यह जानकारी दी।
नासिर ने कहा कि ये डेलिगेशन वहां रिलीफ कैंप्स में लोगों से बात करेगा और फिर गवर्नर के समक्ष उनकी बात रखी जाएगी। हम मणिपुर में फिर से शांति कायम करने के लिए हर संभव कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टियां मणिपुर पर लगातार चर्चा की मांग कर रही हैं। चर्चा के लिए नोटिस दे रही हैं, बैठक कर रही हैं, मीडिया के जरिए अपील कर रही हैं। राहुल गांधी समेत कई वरिष्ठ नेता मणिपुर गए। हमने कई बातों का खुलासा किया, जो सरकार द्वारा छुपाया जा रहा था।
विपक्ष की मांग, प्रधानमंत्री मोदी सदन में जवाब दें
नासिर ने कहा कि जब से मानसून सत्र शुरु हुआ है, हम लगातार मणिपुर पर चर्चा की मांग कर रहे हैं। आज 47 सांसदों ने 267 के तहत नोटिस देकर चर्चा की मांग की, लेकिन चर्चा न लोकसभा में हो रही है और न राज्यसभा में। प्रधानमंत्री मोदी मणिपुर पर बात करने की बजाय दूसरे राज्यों के मुख्यमंत्रियों को सलाह दे रहे हैं। पिछले 86 दिनों से मणिपुर में नरसंहार, हिंसा और बलात्कार हो रहे हैं। सरकार से लूटे हुए हथियार घर-घर, गली-गली पाए जा रहे हैं, जिसे अभी तक बरामद नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा कि मणिपुर का मुद्दा गंभीर है। पूरा विपक्ष चाहता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सदन में आकर जवाब दें। हालांकि कि मंगलवार को गृह मंत्री शाह ने लोकसभा और राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष को पत्र लिखकर मणिपुर मुद्दे पर चर्चा का अनुरोध किया था। शाह ने कहा था कि सरकार इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। सरकार इस मुद्दे पर कुछ भी छिपाना नहीं चाहती है। लेकिन विपक्ष की मांग है कि इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी सदन में जवाब दें।

