संसद के बजट सत्र के पहले चरण के आखिरी दिन भी हंगामें के भेंट चढ़ गया। संसद के उच्च सदन यानी राज्यसभा में आज विपक्ष ने इतना हंगामा किया कि सदन की कार्यवाही नही हो सकी। इसके बाद सदन के सभापति जगदीप धनखड़ ने सदन को स्थगित कर दिया।
बता दें कि बजट सत्र के दूसरे भाग के लिए 13 मार्च की सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। विपक्ष लगातार अडानी समूह के मामले में संसदीय समिति से जांच कराए जाने की मांग कर रहा है।
राज्यसभा की कार्यवाही एक बार स्थगित होने के बाद दोबारा शुरू होने पर सभापति ने प्रश्न काल संचालित कराना चाहा। लेकिन विपक्ष की ओर से अडानी मुद्दे पर संसदीय समिति से जांच और कांग्रेस सांसद रजनी पाटिल के निलंबन का मुद्दा उठाया और हंगामा करने लगे।
सभापति ने विपक्ष को हंगामे के प्रति आगाह किया। उन्होंने विपक्ष से सदन को चलने देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह हम सबका कर्तव्य है। चेयर की ओर से इस मुद्दे पर निर्णय लिया जा चुका है। विपक्ष की ओर से लगातार व्यवधान करना सही तरीका नहीं है। इससे सदन का बहुमुल्य समय व्यर्थ जा रहा है।
सभापति के द्वारा चेतावानी देने के बाद भी सांसद लगातार हंगामा करते रहें। हंगामा जारी रहने पर उन्होंने कार्यवाही को स्थगित कर दिया।
इससे पहले आज की कार्यवाही के पहले भाग में सभापति ने सांसद राघव चड्ढा, संजय सिंह, इमरान प्रतापगढ़ी, शक्ति सिंह गोहिल, संदीप पाठक और कुमार केतकर सहित अन्य को आज सदन के वेल में आने पर चेतावनी दी।

