अलीगढ़ की इगलास कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने पड़ोसी युवक पर अश्लील फोटो प्रसारित करने की धमकी देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। मामला कोतवाली पहुंचा तो युवक ने फोटो प्रसारित करने के बाद विषाक्त पदार्थ खा लिया। उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के प्रार्थना पत्र पर रिपोर्ट दर्ज की है। पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
एक गांव निवासी युवती का कहना है कि वह बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा है। गांव के पड़ोसी युवक ने एक वर्ष पहले नहाते हुए उसके फोटो खींच लिए थे। युवक इंटरनेट मीडिया पर फोटो प्रसारित करके बदनाम करने की धमकी देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा और अश्लील फोटो व वीडियो बना ली। शनिवार की शाम आठ बजे वह शौच के लिए गई थी। जंगल में युवक उसे चरी के खेत में खींच ले गया और जबरन दुष्कर्म किया। किसी को बताने पर फोटो व वीडियो प्रसारित करके स्वयं जहर खाकर मरने की धमकी दी।
युवती ने घर पहुंच कर मां को घटना से अवगत कराया। युवक की मां से शिकायत की तो उसने गाली गलौज करते हुए धमकी दी। युवती स्वजन के साथ कोतवाली पहुंच गई और युवक पर जबरन दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। इसके बाद युवक ने युवती के अश्लील फोटो व वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिए।
रविवार की सुबह युवक ने विषाक्त पदार्थ खा लिया। स्वजन करीब नौ बजे युवक को उपचार के लिए लक्ष्मण देवदत्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। डा. ज्योति शर्मा ने बताया कि युवक की हालत गंभीर होने पर उसे अलीगढ़ के लिए रेफर किया था। लेकिन स्वजन यहीं उपचार कराना चाहते थे। इस संबंध में पुलिस को भी सूचना दी थी। दोपहर करीब 12 बजे उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
युवती के प्रार्थना पत्र पर आरोपित युवक के विरुद्ध दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज की गई है। वहीं युवक पक्ष की ओर से आत्महत्या के लिए प्रेरित करने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। युवक की विषाक्त पदार्थ खाने से उपचार के दौरान मौत हो गई। जांच कर कार्रवाई की जा रही है।

