NSA Ajit Doval: नरेंद्र मोदी के लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद अजीत डोभाल को भी लगातार तीसरी बार राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) नियुक्त किया गया है। वे इस पद पर बने रहेंगे। इस बीच, प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पीके मिश्रा अगले आदेश तक अपने पद पर बने रहेंगे। पूर्व आईएएस अधिकारी अमित खरे और तरुण कपूर भी अगले आदेश तक पीएम मोदी के सलाहकार बने रहेंगे।
डॉ. पीके मिश्रा के प्रधान सचिव और अजीत डोभाल के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बने रहने के साथ ही दोनों प्रधानमंत्री के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधान सलाहकार बन गए हैं। 1968 बैच के आईपीएस अधिकारी अजीत डोभाल आतंकवाद और परमाणु मुद्दों के विशेषज्ञ हैं।
सबसे भरोसेमंद अधिकारी
1972 बैच के सेवानिवृत्त अधिकारी डॉ. पीके मिश्रा भारत सरकार के कृषि सचिव के पद से सेवानिवृत्त होने के बाद पिछले दो कार्यकालों से पीएम नरेंद्र मोदी के साथ हैं। डॉ. मिश्रा और एनएसए अजीत डोभाल दोनों को प्रधानमंत्री मोदी के सबसे भरोसेमंद व्यक्तियों में से एक माना जाता है, जो 2014 में प्रधानमंत्री बनने से पहले से ही उनके साथ जुड़े हुए हैं। अजीत डोभाल पंजाब में इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के ऑपरेशनल चीफ और कश्मीर में एडिशनल डायरेक्टर के तौर पर काम कर चुके हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में पाकिस्तान के साजिशों का अनुभव है.

