Noida: नोएडा की बेटी और युवा अभिनेत्री नितांशी गोयल के लिए यह गर्व का क्षण है। उनकी पहली बॉलीवुड फिल्म ‘लापता लेडीज’ को 2025 के ऑस्कर पुरस्कारों में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना गया है। फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया ने 23 सितंबर को इस चयन की घोषणा की, जिसने फिल्म जगत में उत्साह की लहर पैदा कर दी है। इस खबर के बाद न केवल फिल्म इंडस्ट्री बल्कि नितांशी के प्रशंसक भी खुशी से झूम उठे हैं।
सिर्फ 17 साल की उम्र में नितांशी ने न केवल नोएडा, बल्कि पूरे भारत का नाम रोशन किया है। बताया जा रहा है कि नितांशी गोयल ने फिल्म ‘लापता लेडीज’ की शूटिंग के लिए अपने ग्यारहवीं के एग्जाम तक छोड़ दिए थे।
पहली फिल्म में ऑस्कर नामांकन, एक सपना सच हुआ
नितांशी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा और अभिनय की ट्रेनिंग नोएडा में ही प्राप्त की है। इस बड़ी उपलब्धि पर अपनी खुशी व्यक्त करते हुए नितांशी ने कहा, “यह मेरे लिए अवास्तविक सपने जैसा लगता है। मैं बेहद उत्साहित हूं और खुशी से फूली नहीं समा रही हूं। हमारी फिल्म को ऑस्कर के लिए नामांकित किए जाने पर मैं अकादमी का आभार व्यक्त करती हूं।”
किरण राव द्वारा निर्देशित ‘लापता लेडीज’ एक व्यंग्यात्मक फिल्म है जो भारतीय समाज में व्याप्त पितृसत्ता पर करारा प्रहार करती है। यह फिल्म 29 फिल्मों में से चुनी गई है, जिनमें कई प्रतिष्ठित फिल्मों का भी नाम शामिल था। असमिया निर्देशक जाह्नु बरुआ की अध्यक्षता में बनी 13 सदस्यीय चयन समिति ने सर्वसम्मति से ‘लापता लेडीज’ का चयन किया।
नोएडा से मुंबई का सफर और बॉलीवुड में सफलता
नितांशी 8 से 10 वर्ष की उम्र तक नोएडा में अपने परिवार के साथ रहीं, और 2016 में मुंबई शिफ्ट हो गईं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत टेलीविजन से की और धीरे-धीरे बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाने लगीं।
ये भी पढ़ें..
‘लापता लेडीज’ में नितांशी के साथ प्रतिभा रांता, स्पर्श श्रीवास्तव, रवि किशन, छाया कदम और गीता अग्रवाल शर्मा जैसे कलाकारों ने भी अहम भूमिकाएं निभाई हैं। यह नामांकन न केवल नितांशी गोयल के लिए बल्कि नोएडा और पूरे भारत के लिए गर्व का विषय है। यह दिखाता है कि छोटे शहरों से भी बड़े मंच पर अपनी पहचान बनाई जा सकती है।

