Noida: नोएडा-एनसीआर में दुर्गा पूजा की शुरुआत 3 अक्तूबर, गुरुवार से हो रही है। आने वाले दस दिनों तक पूरे क्षेत्र में दुर्गा पूजा का विशेष उत्साह और धूमधाम देखने को मिलेगी। कोलकाता की तर्ज पर इस बार नोएडा में भी भव्य पंडाल सजकर तैयार किए गए हैं, जो लोगों को बंगाली संस्कृति की झलक दिखाएंगे। इसका मतलब है कि अब दुर्गा पूजा देखने के लिए आपको कोलकाता जाने की ज़रूरत नहीं, नोएडा में ही आपको कोलकाता जैसा अनुभव होगा।
दुर्गा पूजा का त्योहार पूरे देश में धूमधाम से मनाया जाता है, लेकिन पश्चिम बंगाल में इसकी खास रौनक होती है। नोएडा में रहने वाले बंगाली समुदाय के साथ अन्य समुदाय भी इस महोत्सव में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेते हैं।
नवरात्र के समय की रौनक
नवरात्रि के दौरान नोएडा-एनसीआर में खास रौनक देखने को मिलती है। यहां विभिन्न राज्यों के लोग रहते हैं, जो अपने-अपने तरीके से मां दुर्गा की पूजा करते हैं। नोएडा सहित आसपास के इलाकों में कई स्थानों पर दुर्गा पूजा के भव्य आयोजन किए जा रहे हैं। लोग दूर-दूर से इन पंडालों की शोभा देखने आते हैं और बंगाली संस्कृति की सुंदरता का आनंद उठाते हैं।
विभिन्न सेक्टरों में होंगी प्रतियोगिताएं
सेक्टर-26 स्थित कालीबाड़ी मंदिर में ‘जागो दुर्गा सरोज सम्मान’ नामक प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है, जिसके लिए रजिस्ट्रेशन भी शुरू हो गए हैं। समिति के उपाध्यक्ष अनुपम बनर्जी ने जानकारी दी कि इस प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ पंडाल, सर्वश्रेष्ठ मूर्ति और सर्वश्रेष्ठ इंटीरियर जैसी श्रेणियों में प्रतिभागी हिस्सा ले सकते हैं। वहीं, सेक्टर-62 में सर्वजनिन पूजा समिति द्वारा दुर्गा पूजा के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ संगीत प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
ये भी पढ़ें..
नोएडा में दुर्गा पूजा पंडालों के प्रमुख स्थान
नोएडा में इस बार कई स्थानों पर भव्य पंडाल बनाए गए हैं, जहां लोग दुर्गा पूजा का आनंद उठा सकते हैं। दिल्ली और आसपास के लोग इन स्थानों पर पंडाल देखने जा सकते हैं, जहां आपको बंगाली संस्कृति के साथ-साथ अन्य थीम पर आधारित पंडाल भी देखने को मिलेंगे:
- नोएडा सेक्टर-26 कालीबाड़ी मंदिर
- सेक्टर-62 बंगाली कल्चर
- सेक्टर-71 सर्वजनिन दुर्गा पूजा
- सेक्टर-34 नोएडा
- जलवायु विहार, नोएडा
- केंद्रीय विहार, सेक्टर-82
- नोएडा स्टेडियम, सेक्टर-21A
कालीबाड़ी मंदिर: श्रद्धालुओं का प्रमुख आकर्षण
नोएडा के सेक्टर-26 स्थित कालीबाड़ी मंदिर में हर साल की तरह इस बार भी दुर्गा पूजा की भव्यता देखने को मिलेगी। यह दिल्ली-एनसीआर का एक प्रमुख धार्मिक स्थल है, जहां मां दुर्गा की भव्य पूजा होती है। यहां का पंडाल हर साल श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र होता है, जिसे देखने के लिए लोग दूर-दूर से आते हैं। यहां पहुंचने के लिए आप बॉटनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन से ऑटो द्वारा आसानी से कालीबाड़ी मंदिर पहुंच सकते हैं।

