नोएडा में ओएलएक्स पर सोफा खरीदने के नाम पर साइबर जालसाजों ने महिला से 27.62 लाख रुपये की ठगी कर ली। जालसाजों ने यूपीआई के माध्यम से ठगी को अंजाम दिया। सेक्टर-50 निवासी अंशु शर्मा बनर्जी की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अंशु ने पूरी घटना के बारे में बताया
पुलिस को दी शिकायत में अंशु ने कहा है कि उन्होंने कुछ दिन पहले ओएलएक्स पर सेकेंड हैंड सोफा बेचने का विज्ञापन दिया था। विज्ञापन को देखकर राजेश ने सोफा खरीदने के लिए फोन किया। फोन पर उसने सेकेंड हैंड सोफा की खरीद बिक्री का काम करने की जानकारी दी उसने कहा कि वह रकम पेटीएम से भुगतान करेगा। इसके लिए उन्होंने अंशु से पेटीएम अकाउंट पर एक रुपये भेजने को कहा। बातचीत के दौरान अंशु को झांसे में ले लिया और कभी पैसे दो गुना भेजने तो कभी कुछ अतिरिक्त पैसे भेजने की बात कहने लगा। इसके बाद धीरे-धीरे उसने अंशु के खाते से 27.62 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए।
साइबर क्राइम थाना पुलिस कर रही मामले की जांच
अंशु ने जब आरोपी से पैसे निकलने की बात कही तो राजेश ने मशीन में दिक्कत होने का हवाला देते हुए पैसे वापस आने का दावा किया। इसके बाद से जालसाज ने संपर्क तोड़ दिया। साइबर क्राइम थाने की प्रभारी निरीक्षक रीता यादव का कहना है कि इस मामले में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है

