नोएडा की इको सिटी सोसायटी में 4 अगस्त को बैंक मैनेजर ने सातवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें मैनेजर कॉमन एरिया की फ्लोर पर खून से लथपथ पड़ा हुआ दिखाई दे रहा है। इस वीडियो को पुलिस को भी टैग किया गया है।
बहन पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप
पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की बड़ी बहन ने पत्नी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। मृतक साहिल सभरवाल अपनी बेटी और पत्नी के साथ इको सिटी के सेक्टर 137 में एक टावर की सातवीं मंजिल पर फ्लैट में रहता था। वह एक निजी बैंक में मैनेजर के पद पर काम करता था। 4 अगस्त को साहिल ने सातवीं मंजिल से छलांग लगा दी और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले में छानबीन कर रही है नोएडा पुलिस
पुलिस के मुताबिक, जांच में पता चला है कि घरेलू कलह के चलते उसने यह कदम उठाया, क्योंकि उसका अपनी पत्नी से अक्सर विवाद होता रहता था। मृतक की बहन ने साहिल की पत्नी नेहा अग्रवाल पर उसे प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। सेक्टर 142 थाने में उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस बीच, वायरल वीडियो ने माहौल को और गर्मा दिया है और पुलिस ने नेहा अग्रवाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।

