देर रात ग्रेटर नोएडा में दादरी पुलिस और लूटपाट व चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीन बदमाश भागने में सफल रहे। घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
मुठभेड़ में 2 आरोपी घायल 3 फरार
रविवार शाम को पुलिस को सूचना मिली कि बदमाश अपने साथियों के साथ मिलकर किसी और वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। जवाबी कार्रवाई में दादरी पुलिस ने न्यू बोड़ाकी रेलवे स्टेशन के पास नाकाबंदी कर दी। तभी कार सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। दो बदमाश घायल पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें बुलंदशहर जिले के रहने वाले दो बदमाश सलीम और सौरभ कुमार घायल हो गए। दोनों को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अपराधियों से 2अवैध तमंचे और 3 जिंदा कारतूस बरामद
12 अगस्त को गौर अतुलयम चौराहे पर अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक से चेन छीनकर लूटपाट की थी। पीड़ित की शिकायत पर दादरी पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात बदमाशों की तलाश शुरू कर दी थी। जिसके बाद रात में मुठभेड़ के बाद पुलिस ने लुटेरों के पास से 15,100 रुपये नकद, दो अवैध तमंचे, तीन जिंदा कारतूस, दो कारतूस, शटर/ताले काटने वाला कटर और एक क्विड कार बरामद की। हालांकि, उनके साथी हसीन खान उर्फ बिल्लू और दो अन्य अज्ञात व्यक्ति भागने में सफल रहे, जिन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
अपराधियों के खिलाफ कई मामले दर्ज
ग्रेटर नोएडा के एडिशनल DCP अशोक कुमार ने बताया कि इन अपराधियों ने पहले भी लूट की वारदात को अंजाम दिया था। घटना वाले दिन इनका इरादा रक्षाबंधन के त्योहार का फायदा उठाकर लोगों को अपने वाहन में बिठाकर लूटपाट करने का था। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे रात में मौका पाकर बंद दुकानों और घरों के ताले और शटर काटकर चोरी भी करते थे। अपराधियों के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं।

