रिपोर्ट : निशांत शर्मा
ग्रेटर नोएडा दनकौर में स्थित यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार शाम दो कैंटर गाड़ी आपस में टकरा गई। हादसे में एक कैंटर के चालक को गंभीर चोट आई है। जिसको मौके पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद गाड़ी से बाहर निकालकर ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस संबंध में पीड़ित परिवार की तरफ से कोई शिकायत कोतवाली में नहीं दी गई है।
कैसे हुई घटना जानें
यूपी के अमरोहा जिला निवासी अतुल शर्मा एक कंपनी की कैंटर गाड़ी चलाते हैं। जो रविवार शाम यमुना एक्सप्रेसवे से होते हुए आगरा से नोएडा को गाड़ी में एक कंपनी का सामान भर कर जा रहे थे। जब उनकी गाड़ी दनकौर क्षेत्र में स्थित जगनपुर गांव के पास पहुंची उसी दौरान आगे चल रही एक अन्य कैंटर गाड़ी के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इस दौरान पीछे से तेज गति में जा रही दूसरी कैंटर गाड़ी आगे वाली से टकरा गई। इस हादसे में अतुल शर्मा गाड़ी के केबिन में ही फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इस भीषण हादसे में कैंटर गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। बाद में सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और एक्सप्रेस-वे कर्मियों ने घायल को बाहर निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया है।
घटना में एक चालक बुरी तरह से घायल हुआ हालात गंभीर
घटना के बाद आगे वाली कैंटर गाड़ी का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटना की जानकारी घायल के परिवार के लोगों को भी दे दी है। कोतवाली प्रभारी संजय सिंह का कहना है कि दो गाडिय़ां आपस में टकराई है। इस घटना में एक चालक घायल हुआ है। जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस संबंध में अभी पीडि़त परिवार की तरफ से कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

