उत्तर प्रदेश के नोएडा में एमिटी यूनिवर्सिटी के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां एक अनियंत्रित कार सड़क किनारे खंभे से टकरा गई, जिससे दो भाइयों समेत तीन छात्रों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, यह हादसा सोमवार सुबह हुआ। पीड़ित पिछली रात एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने के बाद ग्रेटर नोएडा लौट रहे थे।
दो छात्रों की पहचान हुई, तीसरे कि की जा रही
पुलिस उपायुक्त (जोन 1) रामबदन सिंह ने बताया कि मृतक छात्रों में दो भाई शामिल हैं, जिनकी पहचान ईशान (18) और आर्यन (21) के रूप में हुई है, और तीसरा छात्र विनय है। बताया गया कि पीड़ितों में से एक नोएडा के सेक्टर 125 में एशियन बिजनेस स्कूल में पढ़ रहा था, जबकि दूसरा बेंगलुरु के एक प्रसिद्ध कॉलेज में बीबीए कर रहा था। तीसरे छात्र की पहचान की अभी भी जांच की जा रही है।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
मृतक भाइयों के पिता सुनील कश्यप नोएडा प्राधिकरण में बिजली विभाग में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं और नोएडा एक्सटेंशन में पाम ओलंपिया सोसाइटी में रहते हैं। पुलिस को सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे एमिटी यूनिवर्सिटी के पास कार के खंभे से टकराने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों लोगों को कार से निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। छात्रों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घटना की जांच जारी है।

