Noida: नोएडा में साइबर अपराधियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। हाल ही में एक व्यक्ति को करीब तीन दिन तक डिजिटल अरेस्ट में रखकर उससे 8 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। शातिर साइबर अपराधियों ने पीड़ित को मानव तस्करी के केस में फंसाने की धमकी देकर यह रकम अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करवा ली। मामले की जानकारी मिलने पर नोएडा साइबर सेल पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी है।
कैसे शुरू हुआ ठगी का खेल
नोएडा के सेक्टर-46 में रहने वाले सुरेंद्र पाल वशिष्ठ को बीते 19 अक्टूबर को एक कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को कस्टमर अधिकारी बताते हुए अपना नाम मोहिंदर बताया। उसने सुरेंद्र पाल को बताया कि उनकी आईडी का इस्तेमाल मलेशिया भेजे जा रहे एक पार्सल में हुआ है, जिसमें ड्रग्स पाई गई है। यह पार्सल मुंबई एयरपोर्ट पर पकड़ा गया है, और अब उन्हें मानव तस्करी के गंभीर केस में फंसाया जा सकता है।
फर्जी CBI अधिकारी की धमकी
सुरेंद्र पाल ने इस मामले में अनजान होने की बात कही, लेकिन आरोपियों ने उन्हें विश्वास में लेने के लिए कॉल को एक फर्जी CBI अधिकारी के पास ट्रांसफर कर दिया। वीडियो कॉल के माध्यम से इस फर्जी अधिकारी ने सुरेंद्र पाल से बात की और उन्हें धमकाया कि अगर उन्होंने सहयोग नहीं किया, तो उन्हें जेल भेज दिया जाएगा। इसी डर के चलते सुरेंद्र पाल करीब तीन दिन तक डिजिटल अरेस्ट में रहे और इसी दौरान आरोपी ने उनके बैंक अकाउंट से अपने खाते में 8 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए।
ये भी पढ़ें..
Noida: गौतमबुद्ध नगर में दिवाली से पहले पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल
नोएडा पुलिस कर रही है जांच
पीड़ित ने अब इस मामले की शिकायत नोएडा पुलिस से की है। पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है और साइबर सेल की टीम भी इस ठगी के पीछे के साइबर अपराधियों का पता लगाने के प्रयास में जुटी हुई है।

